रैना ने टोल बंद कराने के लिए गडकरी को लिखा पत्र
रविद्र रैना ने नितिन गडकरी को लिखा पत्र टोल प्लाजा बंद करने का मामला उठाया
राज्य ब्यूरो, जम्मू : सरोर टोल पर अभी चुप्पी साध रही भाजपा भी अब इसके खिलाफ उतर आई है। भाजपा के प्रदेश प्रधान रविंद्र रैना ने केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर जम्मू से टोल वसूली बंद करने का अनुरोध किया है। उन्होंने इस टोल वसूली को नियमों का उल्लंघन करार दिया है। साथ ही इसे राज्य के पर्यटन के लिए घातक बताया है।
उन्होंने लिखा है कि जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बन टोल प्लाजा पहले से काम कर रहा है। अभी जम्मू और सांबा के बीच सरोर में एक और टोल प्लाजा ने कार्य शुरू किया है। एक अन्य टोल प्लाजा हीरानगर में बन रहा है। इन टोल प्लाजा के बीच दूरी नियमों के अनुसार नहीं है।
सरोर में बनाया गया टोल प्लाजा सही तरीके से स्थापित नहीं किया गया है। वहां पर वाहनों का जाम लग रहा है। इससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं और लोगों के साथ सही व्यवहार भी नहीं हो रहा है।
रैना के अनुसार मात्र एक सौ बीस किलोमीटर के दायरे में तीन टोल प्लाजा बन रहे हैं। जम्मू कश्मीर के लोगों में बहुत गुस्सा है और लोगों में हमारे खिलाफ भी रोष है। राज्य की आर्थिक स्थिति पर्यटन पर ही निर्भर है। जम्मू कश्मीर में सुरक्षा, राजनीतिक अस्थिता को देखते हुए इन टोल प्लाजा को लोगों के हितों को देखते हुए समाप्त कर दिया जाए।
गौरतलब है कि भाजपा पहले भी इसका विरोध करती रही है और अब काफी समय से इस मसले पर चुप्पी साधे थी। विरोधी दल इसे मुद्दा बनाने की फिराक में थे।