Jammu-Srinagar Highway: रामबन में भूस्खलन के बाद जम्मू-श्रीनगर हाईवे फिर बंद, वाहनों को रोका
हाईवे बंद होने की वजह से 700 से अधिक वाहन जम्मू व श्रीनगर की ओर फंसे हुए हैं। हाईवे खुलने पर इन फंसे हुए वाहनों को निकाला जाएगा तब तक जम्मू नगरोटा व ऊधमपुर से वाहनों को श्रीनगर की ओर रवाना न करने की हिदायत दे दी गई है।
जम्मू, जेएनएन। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर वाहनों की आवाजाही एक बार फिर बंद कर दी गई है। जिला रामबन और बनिहाल के बीच पड़ने वाले पंथियाल मोड़ में भूस्खलन होने की वजह से ट्रैफिक विभाग ने दोनों और से वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है। इसके अलावा जवाहर टनल पर बर्फबारी भी शुरू हो गई है। ट्रैफिक विभाग का कहना है कि पहाड़ों से पत्थरों का गिरना अभी भी जारी है। मौसम में सुधार होते ही मलवे को हटाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
कश्मीर घाटी को जिला पुंछ से जोड़ने वाला मुगल रोड पिछले तीन दिनों से जारी बर्फबारी की वजह से पहले ही बंद है। इसके अलावा श्रीनगर-लेह मार्ग भी जोजिला में हुई बर्फबारी के बाद बंद है। घाटी को जोड़ने वाला एकमात्र मार्ग जम्मू-श्रीनगर हाईवे गत मंगलवार सुबह भी बंद हो गया था। दोपहर बाद जवाहर टनल पर गिरी बर्फ व रामबन हुए भूस्खलन के बाद गिरे मलवे के हटने के बाद वाहनों की एक तरफा आवाजाही शुरू कर दी गई थी।
ट्रैफिक विभाग का कहना है कि हाईवे खुलने के बाद फंसे हुए वाहनों को निकाला जा रहा था। आज दोपहर को हल्की बारिश के बाद पंथियाल इलाके में हुए भूस्खलन के बाद हाईवे को फिर बंद कर दिया गया। जवाहर टनल पर भी बर्फबारी हुई है। वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। अभी भी पहाड़ों से पत्थर गिर रहे हैं। बारिश रूकने के बाद मलवे को हटाने का काम शुरू किया जाएगा। इस दौरान जवाहर टनल पर गिरी बर्फ को भी हटा दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हाईवे बंद होने की वजह से 700 से अधिक वाहन जम्मू व श्रीनगर की ओर फंसे हुए हैं। हाईवे खुलने पर इन फंसे हुए वाहनों को निकाला जाएगा, तब तक जम्मू, नगरोटा व ऊधमपुर से वाहनों को श्रीनगर की ओर रवाना न करने की हिदायत दे दी गई है।