Jammu Srinagar Highway: मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद, भूस्खलन होने की आशंका
सुबह से यहां बारिश हो रही है। ऐसे में कभी भी भूस्खलन या फिर पत्थर गिर सकते हैं। ट्रैफिक विभाग हाईवे पर नजर बनाए हुए है। मौसम में सुधार होने के बाद अगर हाईवे सुरक्षित महसूस किया जाता है तो वाहनों को हाईवे पर उतरने की इजाजत दे दी जाएगी।
जम्मू, जेएनएन। जम्मू-श्रीनगर हाईवे को एहतियातन बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जम्मू-कश्मीर ट्रैफिक विभाग ने रात से ही हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी थी। मौसम विभाग ने 24 मार्च तक मैदानी व पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश व बर्फबारी की चेतावनी दे रखी थी। ऐसे में जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर चलने वाले यात्रियों की जान को खतरा न हो इसके लिए ट्रैफिक विभाग ने सोमवार को ही यह घोषणा कर दी थी कि मंगलवार 23 मार्च को जिला रामबन से किसी भी वाहन को गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ट्रैफिक विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जिला रामबन के पंथियाल इलाके में हाईवे का काम चल रहा है। अकसर बारिश के दौरान यहां भूस्खलन का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में खराब मौसम लोगों के लिए खतरे का सबब बन सकता है। यही वजह है कि उन्होंने एक दिन पहले ही हाईवे को बंद करने का एलान कर दिया था। उन्होंने कहा कि सुबह से ही हाईवे बंद है। न तो श्रीनगर से जम्मू और न ही यहां से श्रीनगर की ओर वाहनों को जाने दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सुबह से ही यहां बारिश हो रही है। ऐसे में कभी भी भूस्खलन या फिर पत्थर गिर सकते हैं। ट्रैफिक विभाग हाईवे पर नजर बनाए हुए है। मौसम में सुधार होने के बाद अगर हाईवे सुरक्षित महसूस किया जाता है तो वाहनों को हाईवे पर उतरने की इजाजत दे दी जाएगी। आपको बता दें कि पुंछ और शोपियां जिलों को जोड़ने वाली मुगल रोड बर्फ जमा होने के कारण पहले से ही बंद है। हालांकि पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी बर्फ हटाने के काम में जुटे हुए हैं।