जम्मू : पराली से लदे वाहन में छुपा कर कश्मीर ले जा रहे मवेशी मुक्त कराए, दो गिरफ्तार
वाहन सवार दोनों लोगों की बातों पर संदेह होने के चलते पुलिस कर्मियों ने वाहन की तलाशी ली। पराली को हटा कर देखा तो वाहन के अंदर पुलिस कर्मियों को लकड़ी का बना एक बक्सा मिला। बक्से के अंदर देखा तो वहां मवेशी थे।
जम्मू, जागरण संवाददाता : नगरोटा पुलिस ने जम्मू से कश्मीर जा रहे एक पराली से लदे ट्रक में से छह मवेशियों को बरामद किया। आरोपित ने वाहन के अंदर लकड़ी के फट्टों का बक्सा बनाया हुआ था। इस बक्से के अंदर मवेशी छुपा कर रखे हुए थे, बक्से के ऊपर और आगे पीछे पराली लदी हुई थी, ताकि नाकों पर तैनात पुलिस कर्मियों को इस बात की भनक तक ना लगे की ट्रक में मवेशियों की तस्करी हो रही है।
वाहन चालक ओबाद उल रहमान निवासी बेलीचराना और उसके साथी मुराद अली निवासी बेलीचराना, सतवारी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के विरुद्ध नगरोटा पुलिस थाने में जिला आयुक्त के आदेश का उल्लंघन करने और मवेशियों से क्रूरता करने का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस इस बात से इंकार भी नहीं कर रही कि इन मवेशियों को आरोपित कही से चुरा कर लाएं होंगे। दोनों से पूछताछ जारी है।
बुधवार वीरवार की मध्य रात्रि को मवेशी तस्करी की पुख्ता सूचना पर जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के बन टोल प्लाजा में पुलिस कर्मियों ने नाका लगाया। इस दौरान जम्मू से कश्मीर पराली लेकर जा रहे वाहन नंबर जेके02एडब्ल्यू-5753 को पुलिस कर्मियों ने जांच के लिए रोका। वाहन में सवार लोगों से पूछताछ उनके गंतव्य के बारे में पूछा गया तो वे संतोष जनक उत्तर नहीं दे पाए।
वाहन सवार दोनों लोगों की बातों पर संदेह होने के चलते पुलिस कर्मियों ने वाहन की तलाशी ली। पराली को हटा कर देखा तो वाहन के अंदर पुलिस कर्मियों को लकड़ी का बना एक बक्सा मिला। बक्से के अंदर देखा तो वहां मवेशी थे। वाहन से मवेशी बरामद होने के बाद उसमें सवार लोगों ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस कर्मियों ने उन्हें भागने नहीं दिया। मौके पर ही वाहन को जब्त कर लिया। उसमें सवार दोनों को हिरासत में ले लिया।