Jammu: शहर को जगमगाने को 20 करोड़ रुपये खर्च करेगा निगम, ट्रांसफार्मर भी लगाए जाएंगे
Jammu Municipal Corporation कंप्यूटरीकरण के साथ हर खंभे का डाटा कंपनी के पास उपलब्ध रहेगा। डिजिटल इंडिया के तहत हर वार्ड के हर गली के खंभे की जानकारी कंपनी के कंट्रोल रूम के पास रहेगी। फिलहाल लाइटें ही लग पाई हैं। शेष कार्य अभी शेष हैं।
जम्मू, अंचल सिंह: मंदिरों के शहर जम्मू की छटा को चार चांद लगाने के लिए जम्मू नगर निगम 20 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इस पैसे से शहर में लगी सभी स्ट्रीट लाइटों और हाईमास्ट लाइटों के लिए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे।
शहर में लगी करीब 70 हजार स्ट्रीट लाइटें फिलहाल सीधे बिजली विभाग के ट्रांसफार्मरों पर हैं। इससे इनका लोड भी बढ़ रहा है। चूंकि निगम ने यह कंट्रेक्ट दिल्ली की कंपनी को दिया है तो कंपनी इसके लिए पूरी व्यवस्था बनाएगी। करीब 20 करोड़ रुपये इसके लिए निर्धारित कर दिए गए हैं। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर ली गई है। इतना ही नहीं स्ट्रीट लाइटों को अपने स्तर पर चलाने के इंतजाम भी किए जाएंगे।
फिलहाल कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटों के खराब होने की शिकायतें भी आ रहीं हैं। चूंकि यह व्यवस्था पूरी तरह नई है। ऐसा माना जा रहा है कि धीरे-धीरे सब ठीक हो जाएगा और एक दिन पूरी तरह निगम की देखरेख में यह स्ट्रीट लाइटें काम करेंगी। इसके लिए अगल से कंट्रोल रूम बन जाएंगे। स्ट्रीट लाइटों की अपनी व्यवस्था होगी।
नगर निगम ने अगस्त 2019 में केंद्र की कंपनी एनर्जी एफिसिएंसी सर्विस लिमिटेड (ईईएसएल) के साथ समझौता किया था। तब से कंपनी शहर के हरेक वार्ड में स्ट्रीट लाइटों को लगाने में जुटी है। करीब 70 हजार लाइटें लग चुकी हैं। कंपनी ने शहर के हर बिजली के खंभे की निशानदेही करते हुए रजिस्ट्रेशन भी करनी है।
कंप्यूटरीकरण के साथ हर खंभे का डाटा कंपनी के पास उपलब्ध रहेगा। डिजिटल इंडिया के तहत हर वार्ड के हर गली के खंभे की जानकारी कंपनी के कंट्रोल रूम के पास रहेगी। फिलहाल लाइटें ही लग पाई हैं। शेष कार्य अभी शेष हैं। अलबत्ता शहर का हर मुहल्ला जगमगा जरूर रहा है।
74वें संशोधन से होगा लाभ: जम्मू-कश्मीर में 74वें संशोधन को लागू किया जा रहा है। इससे अब सरकारी विभागों के सिटी डिवीजन निगम के अधीन आने लगे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि जल्द ही बिजली विभाग की सिटी डिवीजन भी निगम के पास आ जाएंगी। जब ऐसा होगा तो निगम के कार्यालय में बैठकर ही फैसले लिए जाएंगे और फिर व्यवस्था बनाना और आसान हो जाएगा। ऐसा होने पर निगम फैसले ले सकेगा।
70 हाईमास्ट लाइटें भी करेंगी काम: शहर में लगी 70 हाईमास्ट लाइटों को भी इन ट्रांसफार्मरों पर लाया जाएगा। ऐसा होने से शहर के विभिन्न चौराहों पर लगी इन स्ट्रीट लाइटों के खराब होने की आशंका कम हो जाएगी। फिलहाल लाइट बंद होने पर हाईमास्ट लाइटें भी बंद हो जाती हैं। जब यह व्यवस्था बन जाएगी तो चौकों में अंधेरा नहीं पसरेगा।
- मेयर चंद्र मोहन गुप्ता का कहना है कि ट्रांसफार्मर लगाने व तारों को बदलने के इस प्रोजेक्ट के लिए 20 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे शहर में अंधेरा नहीं फैलेगा। पूरी स्ट्रीट लाइटें अपने ट्रांसफार्मरों पर रहेंगी। घरों की बिजली आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी।