Jammu Municipal Corporation: सुंजवां में अवैध निर्माण गिराने पहुंची नगर निगम की टीम पर पथराव
Jammu Municipal Corporation लोगों ने मुख्य मार्ग पर आकर सड़क को भी बंद कर दिया। फिर पुलिस ने मौका संभाला और लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों के रोष को देखते हुए निगम की टीम ने लौटने को मजबूर हो गई।
जम्मू, जागरण संवाददाता: शहर के सुंजवां क्षेत्र में अवैध निर्माण गिराने पहुंची जम्मू नगर निगम की टीम पर स्थानीय लोगों ने पथराव कर दिया। पथराव में निगम के दो लोडर क्षतिग्रस्त होने के साथ इनके ड्राइवर भी घायल हो गए। लोगों के विरोध के बीच निगम की टीम बिना निर्माण तोड़े हुए मौके से लौटने को मजबूर हो गई।
शुक्रवार सुबह करीब 6.30 बजे जम्मू नगर निगम की टीम तैयारी के साथ सुंजवां में बठिंडी रोड पर अवैध तरीके से बनाई गई व्यवसायिक इमारत को तोड़ने के लिए पहुंची। इससे पहले की निगम की टीम कोई कार्रवाई करती वहां लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों को टीम के पहुंचने की जानकारी पहले ही मिल चुकी थी।
बड़ी संख्या में लोगों ने जमा होकर शोर मचाना शुरू कर दिया। निगम की टीम और पुलिस को पीछे हटता नहीं देख, लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। टीम के साथ मौके पर पहुंचे लोडर पत्थर लगने से क्षतिग्रस्त हो गए। चोटिल हुए दोनों ही ड्राइवरों फरमान अली और नरेश पठानिया को अस्पताल में इलाज के लिया लाया गया।
वहीं लोगों ने मुख्य मार्ग पर आकर सड़क को भी बंद कर दिया। फिर पुलिस ने मौका संभाला और लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों के रोष को देखते हुए निगम की टीम ने लौटने को मजबूर हो गई।
निगम आयुक्त अवनी लवासा के निर्देशों पर निगम के चीफ इंफोर्समेंट आफिसर राजेश गुप्ता और कामिनी केसर की अध्यक्षता में टीम यह कार्रवाई करने पहुंची थी।