सैनिटाइजेशन से कतराने लगा जम्मू नगर निगम, हेल्थ आफिसर बोली-सैनिटाइजेशन करने से सांस संबंधी हो सकती हैं दिक्कतें
नगर निगम की हेल्थ आफिसर डा. संयाेगिता सूदन कह रही हैं कि सैनिटाइजेशन करने से कोविड से फायदा मिलने के बजाय लोगों को सांस संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं। कोरोना पाजिटिव होने पर जो लोग हमें बाजारों में सैनिटाइजेशन करवाने का बार-बार आग्रह कर रहे हैं वो बिलकुल गलत है।
जम्मू, जागरण संवाददाता : पिछले साल करोड़ों रुपये खर्च कर हर गली-कूचे में सैनिटाइजेशन करने वाले जम्मू नगर निगम ने अब इससे कन्नी काटना शुरू कर दी है। नगर निगम प्रशासन अब इस प्रक्रिया को प्रभावी न बताते हुए लोगों से बार-बार हाथ धोने, सफाई रखने की बात कर रहा है।
नगर निगम की हेल्थ आफिसर डा. संयाेगिता सूदन कह रही हैं कि सैनिटाइजेशन करने से कोविड से फायदा मिलने के बजाय लोगों को सांस संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं। कोरोना पाजिटिव होने पर जो लोग हमें बाजारों में सैनिटाइजेशन करवाने का बार-बार आग्रह कर रहे हैं, वो बिलकुल गलत है। क्योंकि सैनिटाइजेशन करने से कोई पुख्ता प्रूफ नहीं हैं कि सैनिटाइजेशन से कोरोना खत्म हो जाता है। उल्टा लोगों को इससे श्वास की दिक्कतें हो सकती है। एलर्जी हो सकती है। काफी सारे दिक्कतें देश में इससे सामने आई हैं। जरूरी है कि लोग मास्क पहनें, बार-बार हाथ धाेएं। बार-बार सैनिटाइजेशन किसी भी तरीके से फायदेमंद नहीं है। उन्होंने कहा कि जमीन पर फैला वायरस जरूर खत्म हो जाता है। उनका कहना है कि लोगों को मूलभूत नियमों का पालन करना चाहिए। किसी भी एसओपी में इस तरह की कोई भी गाइडलाइन भारत सरकार की ओर से जारी नहीं की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे दिशा निर्देशों का पालन करें।
वहीं नगर निगम आयुक्त अवनी लवासा ने शहर वासियों से निवेदन किया है कि वे दूरी बनाएं रखें, मास्क पहनें और अपने हाथ समय-समय पर धोएं। उन्होंने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस बार बहुत सी चीजें सामने आई हैं। सैनिटाइजेशन की कोई ज्यादा उपयोगिता नहीं हैं। उनका कहना है कि भीड़ कम होनी चाहिए। उन्हाेेंने कहा कि जिला प्रशासन से मिलकर फैसला लिया गया है कि सैनिटाइजेशन सिर्फ कंटोनमेंट जोन में ही सैनिटाइजेशन की जाएगी।
वहीं कॉरपोरेटर उनके वार्डों में सैनिटाइजेशन करने पर जोर दे रहे हैं। विभिन्न वार्डों में सैनिटाइजेशन भी करवाई जा रही है। विगत दिवस कॉरपोरेटर गोपाल गुप्ता ने वार्ड नंबर 5 के विभिन्न इलाकों में सैनिटाइजेशन करवाई।