Jammu Lockdown News: सेल्फ लॉकडाउन में रही अनाज मंडियां, नहीं हुई राशन की सप्लाई
Jammu Lockdown News ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस-नेहरू मार्केट के प्रधान दीपक गुप्ता के अनुसार मंडियों में सप्ताह के पांच दिन ही काम हो रहा है और जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में राशन सप्लाई करने के लिए इतने दिन पर्याप्त है।
जम्मू, जागरण संवाददाता: जम्मू की थोक अनाज मंडिया शनिवार को सेल्फ लॉकडाउन में रही। इसके चलते शनिवार को जम्मू की थोक अनाज मंडियों से राशन की सप्लाई पूरी तरह से बंद रही। जिला प्रशासन की ओर से हालांकि लॉकडाउन में इन मंडियों को भी सुबह छह बजे से लेकर दस बजे तक खोलने की अनुमति थी लेकिन इन मंडियों ने पहले से ही सेल्फ लॉकडाउन को लेकर फैसला लिया था जिसका पालन करते हुए व्यापारियों ने शनिवार को अपनी दुकानें बंद रखी। अब रविवार को भी लॉकडाउन का पालन किया जाएगा और सोमवार को राशन की सप्लाई फिर से शुरू होगी।
जम्मू की सबसे बड़ी थोक अनाज मंडी वेयर हाउस-नेहरू मार्केट तथा कनक मंडी ने अप्रैल महीने में ही उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के आह्वान पर अपनी दुकानों का समय शाम छह बजे तक सीमित करने के साथ वीकेंड लॉकडाउन का फैसला लिया था।
इस फैसले के तहत ये मंडियां 24 अप्रैल से सेल्फ वीकेंड लॉकडाउन का पालन कर रही है। अब जबकि प्रशासन की ओर से लॉकडाउन लगाया गया है और आवश्यक सेवाओं से जुड़ी दुकानों को रोजाना सुबह छह बजे से लेकर दस बजे तक खोलने की इजाजत दी गई है, इन मंडियों में राशन की दुकानें शनिवार-रविवार को भी बंद रहती है।
ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस-नेहरू मार्केट के प्रधान दीपक गुप्ता के अनुसार मंडियों में सप्ताह के पांच दिन ही काम हो रहा है और जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में राशन सप्लाई करने के लिए इतने दिन पर्याप्त है। वहीं कनक मंडी ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान अनूप मित्तल के अनुसार अगले फैसले तक उनकी मंडी में इस वीकेंड लॉकडाउन का पालन किया जाएगा।