Jammu Kashmir Weather : सुबह की बारिश के बाद चुभन भरी गर्मी से हल्की राहत, कल भी बारिश की संभावना
Jammu Kashmir Weather पिछले कुछ दिनों के मुकाबले दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि कुछ दिन पहले लगने लगा था कि बारिश होते ही ठंड दस्तक देने लगेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ और बदलते मौसम के बीच गर्मी अपना पूरा दम दिखा रही है।
जम्मू, जागरण संवाददाता: सुबह पहले पहर हुई बारिश के बाद पिछले कुछ दिनों से पड़ रही चुभन भरी गर्मी से हल्की राहत मिली है।मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार अभी अगले दो दिनों तक गर्ज के साथ हल्की बारिश के आसार हैं।पिछले कुछ दिनों से लगातार उमस भरा मौसम बना हुआ था। जिसे देखते हुए लगातार बारिश के आसार बन रहे थे।शुक्रवार को भी कुछ स्थानों पर हलकी बूंदाबांदी हुई लेकिन उससे भी उमस और बढ़ी और दोपहर को मौसम चुभन भरा रहा।शाम को भी मौसम उमस भरा रहा।रात को भी काफी गर्मी रही। पिछले कुछ दिनों से तापमान भी सामान्य से ऊपर ही चल रहा है।
बदलते मौसम के बीच दिन की धूप बेहाल कर रही है। पिछले कुछ दिनों के मुकाबले दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि कुछ दिन पहले लगने लगा था कि बारिश होते ही ठंड दस्तक देने लगेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ और बदलते मौसम के बीच गर्मी अपना पूरा दम दिखा रही है। हालांकि सुबह पहले पहर और देर रात कुछ हद तक मौसम राहत भरा होने लगा है। पिछले कुछ दिनों के मुकाबले फिर से दोपहर के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। मौसम विशेषज्ञ डा. महेंद्र सिंह अनुसार अब यह इस मौसम की अंतिम गर्मी है। कुछ दिन तापमान बढ़ेगा। इसके साथ ही बारिश शुरू होगी। बारिश के बाद धीरे-धीरे ठंड बढ़ने लगेगी।
इस वर्ष मानसून के दौरान बारिश सामान्य से काफी कम रही है। जिसके चलते किसानों की चिंताएं बढ़ गई थी। खासकर कंडी क्षेत्र के किसानों की बारिश की जरूरत अभी भी बनी हुई है। खासकर बासमती धान के लिए बारिश अति आवश्यक है। सितंबर के दूसरे पखवाडे़ में हुई बारिश के बाद किसानों को हल्की राहत मिली है। लेकिन अभी भी बारिश पर निर्भर किसानों काे बारिश की जरूरत है। वहीं मक्की की कटाई कर रहे किसानों के लिए इस समय मौसम काफी अच्छा बना हुआ है।बहुत से किसान जिन्होंने कटाई कर ली हुई है। मक्की सुखाने में जुटे हुए हैं। वहीं अक्टूबर में भी सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।
कहां रहा कितना तापमान
- जम्मू 32.6 22.1
- बनिहाल 29.4 16.0
- बटोत 25.5 16.6
- कटड़ा 30.0 20.3
- भद्रवाह 30.5 16.7
- श्रीनगर 29.5 17.0
- काजीगुंड 29.0 15.7
- पहलगाम 24.9 12.4
- कुपवाड़ा 30.5 14.8
- कोकरनाग 28.1 13.3
- गुलमर्ग 19.0 7.0
- लेह 23.2 9.0
तापमान डिग्री सेल्सियस में है।