Jammu Kashmir : रविन्द्र रैना कोरोना पॉजिटिव, जितेन्द्र सिंह, राम माधव, खन्ना समेत 1000 से अधिक कार्यकर्ताओं के संपर्क में आए थे
वहीं रैना के पाजिटिव आने के बाद प्रदेश भाजपा की कश्मीर इकाई में हड़कंप है। रैना व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने वसीम बारी उनके भाई व पिता के जनाजे में हिस्सा लिया था।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। कश्मीर के पांच दिवसीय दाैरे से लौटे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैना कोरोना पाजिटिव हो गए हैं। रैना कश्मीर में पांच दिन के अपने प्रवास के दौरान है प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना, राष्ट्रीय महासचिव राम माधव समेत एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के संपर्क में आए थे।
ऐसे में मंगलवार को रैना के कोरोना पाजिटिव आने के बाद जितेन्द्र सिंह, राम माधव, अविनाश राय खन्ना व कश्मीर भाजपा के कई नेताओं ने खुद को सेल्फ क्वारंटाइन कर लिया है। जितेन्द्र सिंह व राम माधव ने सोशल साइट ट्वीट कर खुद को क्वारंटाइन करने संबंधी जानकारी दी है। वहीं रविन्द्र रैना के साथ कश्मीर गए प्रदेश महासचिव विबोध ग़ुप्ता की रिपोर्ट मंगलवार को नेगेटिव आई है। रैना को कटड़ा के नारायणा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
कश्मीर में भाजपा नेता शेख वसीम बारी, उनके भाई व पिता की आतंकवादियों द्वारा हत्या किए जाने के बाद से रविन्द्र रैना कश्मीर में ही थे। वह सोमवार को जम्मू लौटे थे। उन्हें हलका बुखार था व अन्य कोई लक्ष्ण नही था। ऐसे में करवाया गया कोरोना टेस्ट मंगलवार को पाजिटिव आया। रैना ने इसकी जानकारी मंगलवार को एक ट्वीट के जरिए सार्वजनिक की।
वहीं रविन्द्र रैना के पाजिटिव आने के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह व राम माधव ने भी खुद को सेल्फ क्वारंटाइन करने की जानकारी सार्वजनिक कर दी। ये नेता रैना के साथ श्रीनगर से बांडीपोर गए थे। वहां पर उन्होंने आतंकवादी हमले में मारे गए भाजपा नेता वसीम बारी के परिजनों को सांत्वना दी थी।
वहीं रैना के पाजिटिव आने के बाद प्रदेश भाजपा की कश्मीर इकाई में हड़कंप है। रैना व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने वसीम बारी, उनके भाई व पिता के जनाजे में हिस्सा लिया था। इस जनाजे में करीब 300 लोग शामिल हुए थे। इसके बाद वह बारी के चाैथे में भी शामिल हुए थे। इसमें डेढ़़ सौ के करीब लोग शामिल हुए थे। इसके बाद श्रीनगर में भाजपा नेताओं ने श्रद्धंजलि सभा की थी। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं से बैठक भी हुई थी। कुछ कार्यकर्ता अलग से भी रविन्द्र रैना से मिले थे।
भाजपा की कश्मीर इकाई के वरिष्ठ नेता अल्ताफ ठाकुर ने जागरण को बताया कि हमने संपर्क में आए सभी कार्यकर्ताओं को टेस्ट करने की हिदायत जारी कर दी है। इसके साथ वसीम बारी के परिजनों को भी इस संबंध में कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि उनके साथ पार्टी के कई नेताओं ने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है।