लॉकडाउन के उल्लंघन पर 218 पर एफआइआर, कश्मीर में 58 लोग गिरफ्तार, 20 वाहन जब्त किए
पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन कर अपनी व अन्य लोगों की जान को खतरे में डालने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 58 लोगों को गिरफ्तार करने के अलावा 20 वाहनों को भी जब्त किया है।
श्रीनगर, राज्य ब्यूरो : जम्मू कश्मीर पुलिस ने लॉकडाउन की अवज्ञा करने वालों के खिलाफ बुधवार को 218 एफआइआर दर्ज की है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि केंद्र शासित जम्मू कश्मीर प्रदेश प्रशासन ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन लागू कर रखा है। कई लोग इसकी अवज्ञा करते हुए न सिर्फ अपनी बल्कि दूसरों की जान भी खतरे में डाल रहे हैं। ऐसे तत्वों के खिलाफ पूरे प्रदेश मे कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया अनंतनाग, पुलवामा, शोपियां, कुलगाम और अवंतीपोर में उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 28 एफआइआर दर्ज की गई है। बड़गाम और गांदरबल में 14 और उत्तरी कश्मीर के बारामुला, कुपवाड़ा, हंदवाड़ा, सोपोर और बांडीपोरा में 27 एफआइआर दर्ज की गई हैं। जम्मू संभाग में जम्मू-सांबा-कठुआ रेंज में 50 लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई हैं जबकि ऊधमपुर-रियासी रेंज में 13 और डोडा किश्तवाड़ रामबन रेंज में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 65 एफआइआर दर्ज की गई है। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रवक्ता ने कहा कि हम बार बार विभिन्न माध्यमों से जनता से अपील कर रहे हैं कि वह लॉकडाउन को प्रभावी बनाते हुए कोविड 19 को फैलने से रोकने में सहयोग करें।
लाकडाउन का उल्लंघन करते हुए भीड़ को जमा कर रहे थे
पुलिस ने वादी में लॉकडाउन का उल्लंघन कर अपनी व अन्य लोगों की जान को खतरे में डालने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 58 लोगों को गिरफ्तार करने के अलावा 20 वाहनों को भी जब्त किया है। बांडीपोरा में 12 वाहन जब्त करने के अलावा पुलिस ने 44 लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें 12 वाहन चालक, कुछ दुकानदार और एक इमाम भी है। यह लोग पुलिस द्वारा बार बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद लाकडाउन का उल्लंघन करते हुए भीड़ को जमा कर रहे थे। अवंतीपोरा में पुलिस ने छह वाहनों को जब्त किया है। यह वाहन बिना अनुमति सड़क पर चल रहे थे। गांदरबल में पुलिस ने चार दुकानदारों को पकड़ा है। इनमें से दो सफापोरा में और दो कंगन में पकड़ गए हैं। हंदवाड़ा में पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले 10 लागों को गिरफतार करने के अलवा दो वाहन जब्त किए हैं।