Kashmir Militancy: सुरक्षाबलों ने शोपियां से लश्कर आतंकी किया गिरफ्तार, हथियार भी बरामद
आतंकवादी की पहचान जाकिर अहमद खान के तौर पर हुई है। वह हाल ही में लश्कर में शामिल हुआ था। उसके कब्जे से एक पिस्तौल उसकी दो मेगजीन और कुछ राउंद बरामद हुए हैं।
श्रीनगर, राज्य ब्यूरो। सुरक्षाबलाें ने दक्षिण कश्मीर के शोपियां में एक टार्गेट किलिंग की साजिश को नाकाम बनाते हुए लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 9एमएम पिस्ताैल, उसकी दो मैगजीन और कुछ राउंड भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल, उससे पूछताछ जारी है।
कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ जम्मू-कश्मीर पुलिस की जारी मुहिम हर दिन सफलता हासिल कर रही है। घाटी में बने शांति के माहौल को बर्बाद करने की साजिश रच रहे आतंकवादी संगठन भी सुरक्षाबलों के कसते जा रहे शिकंजे से परेशान हैं। शोपियां स्थित पुलिस सूत्रों ने बताया कि बीती रात एक सूचना मिली थी कि लश्कर-ए-तैयबा ने हाल ही में आतंकी बने एक युवक को जैनपोरा व उसके साथ सटे इलाकों में कुछ खास लोगों की हत्या का जिम्मा साैंपा है। यह आतंकी खोजपोरा में अपने घर से कुछ ही दूरी पर एक जगह विशेष पर छिपा हुआ था। इसका पता चलते ही पुलिस ने सेना की 1 आरआर के जवानों के साथ मिलकर उसे पकड़ने के लिए एक अभियान चलाया।
सुरक्षाबलों ने सुनियोजित तरीके से उसके ठिकाने की घेराबंदी की। वह अस्तान मोहल्ले में छिपा हुआ था। जब वह वहां से अपने शिकार को मारने के लिए निकलने लगा तो उन्होंने उसे बचाव का काेई मौका दिए बगैर दबोच लिया। उसकी पहचान जाकिर अहमद खान के रुप में हुई है। वह कुछ समय पहले ही लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था। आतंकी बनने से पहले वह पत्थरबाजी की विभिन्न घटनाओं में भी लिप्त रहा है। वह अपने इलाके में सक्रिय रहे लश्कर व हिज्ब के आतंकियाें के लिए बतौर ओवरग्राऊंड वर्कर भी काम करता रहा है। उसके पास से एक पिस्ताैल बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि वह जाकिर से उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रहे हैं। हालांकि किसी पुलिस अधिकारी ने अभी तक इस बारे में अधिक जानकारी नहीं दी है। अन्य विवरण प्रतीक्षारत हैं। यहां यह बताना असंगत नहीं होगा कि आतंकियाें की ख्वाबगाह शोपियां में बीते पांच माह के दौरान सुरक्षाबलाें ने विभिन्न मुठभेड़ों में करीब 55 आतंकियों काे मार गिराया है। इनमें से 14 आतंकी बीते छह दिनों में तीन मुठभेड़ों में मारे गए हैं। शोपियां में इस साल सुरक्षाबलों ने आतंकियों के लगभग 24 आेवरग्राऊंड वर्करों को गिरफ्तार करने के अलावा पांच आतंकियों को भी पकड़ा है।