Jammu Kashmir: आधार के साथ अलग जम्मू राज्य के लिए पैंथर्स पार्टी ने छेड़ी मुहिम
जम्मू को इंसाफ दिलाने के लिए जरूरी है कि जम्मू को अलग राज्य का दर्जा दिया जाए। पार्टी ने हमेशा ही जम्मू के हितों के लिए संघर्ष किया है।
जम्मू , राज्य ब्यूरो। पैंथर्स पार्टी ने जम्मू को अलग राज्य बनाने के मुद्दे पर अपनी मुहिम के साथ साथ पार्टी का आधार बढ़ाने की कोशिशें तेज कर दी है। पैंथर्स पार्टी पिछले एक दशक से अधिक समय से जम्मू कश्मीर का पुनर्गठन करके जम्मू को अलग राज्य बनाने की मांग करती रही है। इस मुद्दे पर कई बार विरोध प्रदर्शन किए जाते रहे। पार्टी ने दिल्ली में इस मुद्दे पर धरने दिए। अब जबकि जम्मू कश्मीर का पुनर्गठन हो चुका है और जम्मू कश्मीर तथा लद्दाख अलग अलग केंद्र शासित प्रदेश बन चुके है तो पार्टी का एजेंडा जम्मू को अलग राज्य का दर्जा दिलाने के लिए संघर्ष करना है।
यह मुद्दा सीधे तौर पर लोगों के साथ जुड़ा है तो पार्टी ने को इसमें अपना आधार बढ़ाने में मदद मिलती नजर आ रही है। पैंथर्स पार्टी का ध्यान जम्मू संभाग पर ही रहेगा। साल 2002 में पैंथर्स पार्टी के चार विधायक जीत कर आए थे। साल 2008 में तीन विधायक जीत कर आए थे। साल 2014 में पार्टी का कोई भी उम्मीदवार विजय नहीं हो सका। पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह पार्टी के एक ऐसे नेता है जो तीन बार विधायक रहे है। वह साल 1996, 2002 और 2008 में चुन कर आए। उनका विधानसभा क्षेत्र ऊधमपुर जिला के रामनगर रहा है।
पैंथर्स पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो जम्मू के मुद्दों पर आंदोलन करती रही है। साल 2014 में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पैंथर्स नेता और कार्यकर्ताओं ने पिछले दो साल के दौरान राष्ट्रीय और जम्मू के मुद्दों पर आंदोलन चलाए। पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह का कहना है कि पार्टी की हमेशा से यह मांग रही है कि जम्मू को अलग राज्य का दर्जा दिया जाए। सरकार ने जम्मू कश्मीर का पुनर्गठन करके जम्मू कश्मीर और लद्दाख को अलग अलग केंद्र शासित प्रदेश बना दिया गया है। राज्य का दर्जा कम करके केंद्र शासित प्रदेश बनाना किसी भी हाल में उचित नहीं है।
जम्मू को इंसाफ दिलाने के लिए जरूरी है कि जम्मू को अलग राज्य का दर्जा दिया जाए। पार्टी ने हमेशा ही जम्मू के हितों के लिए संघर्ष किया है। पार्टी अपना आधार मजबूत करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है। हम आधार और जम्मू को अलग राज्य का दर्जा दिलाने के लिए संघर्ष को आने वाले दिनों में तेज करेंगे।