Jammu Kashmir: 27 फरवरी को जम्मू आएंगे आजाद, स्वागत की तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता
वहीं एक अन्य समारोह के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर ने कहा है कि जम्मू कश्मीर में नफरत की राजनीति को बढ़ावा देने की कोशिशों के चलते सिर्फ कांग्रेस ही सही मायनों में लोगों का नेतृत्व कर सकती है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो: पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद 27 फरवरी को जम्मू आ रहे हैं। गत दिनों राज्यसभा के सांसद का कार्यकाल समाप्त होने के बाद गुलाम नबी आजाद का यह पहला जम्मू दौरा है। ऐसे में आजाद के समर्थकों द्वारा जम्मू पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया जाना तय है। आजाद जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस की राजनीति में अहम स्थान रखते हैं। ऐसे में उनके आने से समर्थक उत्साहित हैं।
ऐसे में आजाद के आने पर गांधी ग्लोबल फेमिली की ओर से उनके सम्मान में रैली का आयोजन किया जा रहा है। गांधीवादी गौरव चोपड़ा ने बताया कि गुलाम नबी आजाद के जम्मू पहुंचने पर सैनिक कालोनी के सैनिक फार्म्स में कार्यक्रम की तैयारी है। इस कार्यक्रम में आजाद को सम्मानित किया जाएगा।
सिर्फ कांग्रेस कर सकती है जम्मू कश्मीर के लोगों का नेतृत्व : मीर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर ने कहा है कि जम्मू कश्मीर में नफरत की राजनीति को बढ़ावा देने की कोशिशों के चलते सिर्फ कांग्रेस ही सही मायनों में लोगों का नेतृत्व कर सकती है। शहर के शहीदी चौक स्थित पार्टी मुख्यालय में कार्यक्रम के दौरान जीए मीर ने कहा कि कांग्रेस एक धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक व विकास में विश्वास रखनी पार्टी है।
सिर्फ यही पार्टी जम्मू कश्मीर में खुशहाली व अमन ला सकती है। मीर नए कार्यकर्ताओं का पार्टी में स्वागत करने के बाद विचार व्यक्त कर रहे थे। इस मौके पर उप प्रधान मूला राम, रमण भल्ला, मुख्य प्रवक्ता रविन्द्र शर्मा के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता रजनीश शर्मा, योगेश साहनी, ठाकुर मनमोहन सिंह, हरि सिंह चिब, संजीव शर्मा, बलवीर चौधरी, विनय शास्त्री आदि मौजूद थे।नए कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए मीर ने कहा कि कांग्रेस लोगाें के लिए उम्मीद की किरण बन गई है। महंगाई समेत कई मुश्किलों का सामना कर रहे लोग चाहते हैं कि उनका नेतृत्व कांग्रेस करे। यही कारण है कि नए कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि कांग्रेस में आने के बाद कार्यकर्ताओं को खुल कर लोगों के लिए काम करने का मौका मिलेगा।कांग्रेस में शामिल होने वालों में बार्डर वेल्फेयर के चेयरमैन धनश्याम, किसान नेता रमेश लाल, संजीव माथुर, मनोहर लाल, धनी राम, सुरेन्द्र कुमार कथूर, भगवान दास, कपिल वर्मा, रविकांत आदि मुख्य थे। उन्होंने कहा कि वे कांग्र्रेस की नीतियों से प्रभावित होकर अन्य पार्टियों को छाेड़ कर इस पार्टी में आए हैं।