विलय दिवस को आजादी के पर्व की तरह मनाएगी भाजपा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा कि 26 अक्टूबर जम्मू-कश्मीर के लिए ऐतिहासिक दिन है। यह वो महत्वपूर्ण दिन है जब जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा बना था।
जागरण संवाददाता, जम्मू : विलय दिवस (26 अक्टूबर) को भाजपा की जम्मू कश्मीर इकाई जश्न-ए-आजादी के रूप में मनाएगी। पार्टी ने आम लोगों से भी इस दिन को दीपमालाएं लगाकर त्योहार के रूप में मनाने की अपील की है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा कि 26 अक्टूबर जम्मू-कश्मीर के लिए ऐतिहासिक दिन है। यह वो महत्वपूर्ण दिन है, जब जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा बना था। इस दिन की खुशी में भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश भर में तिरंगा रैलियां निकालेंगे। शनिवार को त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता में रैना ने कहा कि आम लोग भी अपने घरों की छत पर तिरंगा लगाकर जश्न-ए-आजादी मनाएं। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे खून में है और इसकी रक्षा के लिए जम्मू-कश्मीर के नागरिकों समेत हर देशवासी हर बलिदान देने को तैयार है।
गुपकार एजेंडे व महबूबा मुफ्ती को आड़े हाथों लेते हुए रैना ने कहा कि जम्मू-कश्मीर किसी की निजी संपत्ति नहीं है। महबूबा मुफ्ती पर तो देशद्रोह का मामला दर्ज होना चाहिए। उन्होंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से महबूबा के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज कर उन्हें दोबारा सलाखों के पीछे डालने की अपील भी की। प्रेस वार्ता में पार्टी के प्रदेश महासचिव डॉ. डीके मन्याल व प्रवक्ता आरएस पठानिया भी मौजूद रहे।