Jammu Kashmir : विधानसभा चुनाव क लिए भाजपा ने कमर कसी, 15 सितंबर तक बनाएगी सशक्त मंडल
सांसद जुगल किशोर जारी माह में जम्मू जिले के गजनसू मढ़ छंब व खौड़ इलाकों में मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं से बैठकें की हैं। आने वाले दिनों में वह नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में भी बैठकें कर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाएंगे।
जम्मू, राज्य ब्यूरो: विधानसभा चुनाव के लिए कमर कसने वाली प्रदेश भाजपा जमीनी सतह पर सशक्त होने के लिए पंद्रह सितंबर तक अपनी सशक्त मंडल मुहिम को पूरी करेगा। सशक्त मंडल के तहत पार्टी ने प्रदेश में हर बूथ पर दस यूथ बनाने की तैयारी की है।
इस समय हाईकमान के निर्देश पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने विधानसभा क्षेत्र पर कार्यक्रम शुरू कर दिए हैं। सशक्त मंडल बनाने की मुहिम पूरी होने के बाद बूथ स्तर पर चुनावी तैयारियों को तेजी देने के लिए पन्ना प्रमुख भी बनाए जाएंगे। संगठन महामंत्री अशोक कौल ने सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं को अभी से अपनी जिम्मेवारियां संभाल कर पार्टी को जमीनी सतह पर मजबूत बनाने में जुट जाने के निर्देश दिए हैं। अगले माह से पार्टी के पन्ना प्रमुख मतदाता सूचिओं में शामिल मतदाताओं से सीधे संपर्क करेगी।
पार्टी को उम्मीद है कि आने वाले महीनों में जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव करवाने को लेकर कोई फैसला हो सकता है। ऐसे में पार्टी ने जमीनी सतह पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इस समय पार्टी ग्रामीण इलाकों में गतिविधियों को तेजी दे रही है। ऐसे में जम्मू-पुंछ के सांसद लगातार मंडल स्तर पर बैठकें कर पार्टी कार्यकर्ताओं को गतिविधियां तेज करने को प्रेरित कर रहे है।
मंडल स्तर पर बैठकों को तेजी देने की मुहिम के तहत जुगल किशोर जारी माह में जम्मू, सांबा जिलों में बैठकें कर चुके हैं। पार्टी केंद्र प्रायोजित योजनाओं को जमीनी सतह पर कामयाब बनाकर लोगों को साथ जोड़ने की कोशिश कर रही है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए जा रहे हैं कि वे गरीबों के उत्थान के लिए चलाई जा रही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी योजनाओं का लाभ लोगों को दिलाकर उनका विश्वास जीतें।
सांसद जुगल किशोर जारी माह में जम्मू जिले के गजनसू, मढ़, छंब व खौड़ इलाकों में मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं से बैठकें की हैं। आने वाले दिनों में वह नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में भी बैठकें कर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाएंगे। इसी बीच सांसद के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैना, संगठन महामंत्री अशोक कौल, पूर्व उपमुख्यमंत्री डा निर्मल सिंह, कवीन्द्र गुप्ता व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा भी मंडल स्तर पर गतिविधियाें का आयोजन कर रहे हैं।
लगातार बैठकें कर रहे सांसद का कहना है कि भाजपा के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को कामयाब बनाने के लिए कमर कस ली है। विरोधी पार्टियां यहां स्वार्थी राजनीतिक कर रही हैं तो भाजपा पार्टी लोगों को सशक्त बनाने की राजनीति कर रही है। ऐसे में जनकेंद्रित एजेंडे के तहत नेता व कार्यकर्ता दूरदराज इलाकों तक लोगों की मुश्किलों को दूर करने के लिए कार्रवाई कर रहे हैं। पार्टी बैठकाें में उन्हें लोगों के बीच जाकर काम करने के लिए दिशानिर्देश दे रही है।