Jammu : जम्मू कश्मीर की मंडली पहली बार अयोध्या में करेगी रामलीला का मंचन
अयोध्या का रामलीला फेस्टिवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विख्यात है। इस मंच पर कला का प्रदर्शन करने का मौका मिलना गर्व की बात है। पांच नवंबर को श्री दुर्गा नाटक मंडली के कलाकारों को मंचन का मौका मिलेगा। इसके लिए दो नवंबर को यहां से कलाकारों का जत्था रवाना होगा।
जेएनएन, जम्मू : जम्मू कश्मीर के किसी रामलीला मंडली को पहली बार भगवान राम के जन्मस्थली अयोध्या में रामलीला का मंचन करने का अवसर मिला है। यही सौभाग्य रियासी के श्री दुर्गा नाटक मंडली को मिला है। अयोध्या का रामलीला फेस्टिवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विख्यात है। इस मंच पर कला का प्रदर्शन करने का मौका मिलना गर्व की बात है। पांच नवंबर को श्री दुर्गा नाटक मंडली के कलाकारों को मंचन का मौका मिलेगा। इसके लिए दो नवंबर को यहां से 40 कलाकारों का जत्था अयोध्या के लिए रवाना होगा।
श्री दुर्गा नाटक मंडली को अयाेध्या में रामलीला का मंचन करने का अवसर प्रदान करवाने मेें रियासी जिला पुलिस प्रशासन ने अहम भूमिका निभाई। यह प्रयास जिला पुलिस का उसी कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसे पुलिस ने खेल और संस्कृति के माध्यम से शहीदों की याद में शुरू किया है। शुक्रवार को जिला पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत में एसएसपी शैलेंद्र सिंह ने कहा कि उन शहीदों को याद करना भी हमारा कर्तव्य है, जिन्होंने हमारे कल के लिए अपना आज कुर्बान कर दिया। उन्होंने कहा कि शहीदों की याद में पुलिस द्वारा खेल प्रतियोगिताएं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम करवाए जाएंगे। रियासी की रामलीला काफी विख्यात है, लिहाजा जिला पुलिस श्री दुर्गा नाटक मंडली को अयोध्या में मंचन करवाने की पहल की गई है।
रियासी की श्री दुर्गा नाटक मंडली जम्मू कश्मीर प्रदेश की अगुवाई कर अयोध्या में रामलीला का मंचन करेगी। उन्होंने बताया कि मंडली के अयोध्या में आने-जाने इत्यादि के पुलिस द्वारा सभी जरूरी इंतजाम कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि शहीदों की याद में विभिन्न खेल आयोजन भी किए जाएंगे। इस मौके पर मौजूद श्री दुर्गा नाटक मंडली रियासी के प्रधान संजीव खजूरिया ने बताया की अयोध्या में रामलीला मंचन का मौका सौभाग्य से मिलता है। इसमें मुख्य सहयोग के लिए उन्होंने जिला पुलिस विशेषकर एसएसपी का आभार जताया।