Jammu Subway: करोड़ों खर्च कर बनाए सब-वे, कोई नहीं कर रहा इस्तेमाल
गंग्याल सब-वे का निर्माण लोक निर्माण विभाग ने 2.5 करोड़ रुपये से करवाया था। इसे जम्मू नगर निगम के हवाले तो किया गया लेकिन इसका इस्तेमाल आज तक सुनिश्चित नहीं किया जा सका। हालत यह है कि इस सब-वे की सीढ़ियां मल व गंदगी से पटी पड़ी हैं।
जम्मू, अंचल सिंह: अति व्यस्त रहने वाले सतवारी-कुंजवानी मार्ग पर गंग्याल और डिग्याना आश्रम के नजदीक सड़क पार करने वालों को राहत पहुंचाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर तैयार किए गए सब-वे सरकारी अनदेखी के चलते बेकार साबित हो रहे हैं। राहगीर इनका इस्तेमाल नहीं कर रहे।
डिग्याना आश्रम के नजदीक और गंग्याल चौक में बने इन सब-वे पर करीब अढ़ाई करोड़ रुपये की लागत आई है। दोनों सब-वे के अंदर गंदगी के अंबार है। बदबू फैली हुई है। न ही कोई ऐसी व्यवस्था अभी तक की गई कि राहगीर जान जोखिम में डाल कर सड़क पार करने के बजाय इसमें से गुजरते। न तो वाहनों को इसके पास रोकने की व्यवस्था बनी, न ही इसे साफ-सुथरा किया गया। वर्ष 2017 में 17 सितंबर को सांसद जुगल किशोर शर्मा ने गांधीनगर के तत्कालीन विधायक कविंद्र गुप्ता जोकि जम्मू-कश्मीर विधानसभा के स्पीकर व उपमुख्यमंत्री भी रहे, ने इसका लोकार्पण किया था।
करीब 36 मीटर लंबे गंग्याल सब-वे का निर्माण लोक निर्माण विभाग ने 2.5 करोड़ रुपये से करवाया था। इसे जम्मू नगर निगम के हवाले तो किया गया लेकिन इसका इस्तेमाल आज तक सुनिश्चित नहीं किया जा सका। हालत यह है कि इस सब-वे की सीढ़ियां मल व गंदगी से पटी पड़ी हैं। इस कारण इसके अंदर जाना भी मुश्किल हो गया है। इसके अंदर बिजली भी नहीं चल रही। करोड़ों रुपये की इस सरकारी संपत्ति की देखरेख नहीं हो रही और यह सफेद हाथी बनकर रह गया है। वहीं जम्मू नगर निगम भी इनकी देखरेख नहीं कर रहा।
- सब-वे लोक निर्माण विभाग ने बनवाए हैं। इन्हें शुरू करवाने के प्रयास करवाए जाएंगे। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे कि वे इसका संज्ञान लें। मौजूदा स्थिति देखें और विभागीय औपचारिकताएं पूरी करवा कर इन्हें आम लोगों के लिए शुरू करवाएं। गंग्याल, डिग्याना और विक्रम चौक सब-वे का निरीक्षण कर उचित कार्रवाई जरूर करेंगे। लोगों को इसका लाभ मिले, ऐसे प्रबंध किए जाएंगे। -चंद्र मोहन गुप्ता, जम्मू मेयर