भारतीय सेना का पलटवार, 36 घंटे में ढेर किए 10 पाकिस्तानी सैनिक; चौकी छोड़ भागे पाक सैनिक
एथमुकाम के पास बनी पाकिस्तानी चौकी पर जैसे ही भारतीय जवानों ने गोले बरसाए वहां मौजूद पाक सैनिक भागते हुए देखे गए।
जागरण न्यूज नेटवर्क, श्रीनगर : भारत-पाक सीमा पर नियंत्रण रेखा के साथ लगते कुछ इलाकों में शुक्रवार को युद्ध जैसी स्थिति पैदा हो गई। शुक्रवार सुबह पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पुंछ, नौशहरा, अखनूर और उत्तरी कश्मीर के टंगडार और केरन सेक्टर में भारी गोलाबारी की। वहीं, जब भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई की तो टंगडार के सामने एथमुकाम और सुंदरबनी के सामने वाले इलाके में तैनात पाकिस्तानी सैनिक अपनी दो चौकियां छोड़कर भाग गए। भारतीय सेना की कार्रवाई में चार से पांच पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं। इनमें दो मेजर रैंक के अधिकारी बताए जा रहे हैं। बीते 36 घंटों में पाकिस्तानी सेना के करीब 10 सैनिकों के मारे जाने और एक दर्जन के जख्मी होने की सूचना है। ऐसे में पाकिस्तान ने अपने जवानों का मनोबल बनाए रखने के लिए गुलाम कश्मीर में अपनी रिजर्व डिवीजनों को भी मूव करना शुरू कर दिया है। वहीं, जम्मू कश्मीर प्रशासन ने पाकिस्तानी गोलाबारी से पैदा होने वाली किसी भी स्थिति में सीमावर्ती नागरिकों की सुरक्षित निकालने के लिए पूरी तैयारी कर ली है।
पुंछ में मारे दो पाक सैनिक, पांच घायल :
शुक्रवार सुबह पाकिस्तानी सैनिकों ने अपनी राजा रानी चौकियों से पुंछ के शाहपुर किरनी सेक्टर में गोलाबारी की। सैन्य सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने मोर्टार व तोपखाने का इस्तेमाल किया। वहीं, भारतीय जवानों की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना की एक चौकी को भारी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि इस चौकी में तैनात दो पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं और पांच अन्य जख्मी हुए हैं।
एथमुकाम में ढेर हुए दो से तीन पाक सैनिक :
पुंछ में मुंह की खाने के बाद पाकिस्तानी सैनिकों ने सुबह 11 बजे उत्तरी कश्मीर के टंगडार व केरन सेक्टर को निशाना बनाया। यहां करीब डेढ़ दर्जनों मकानों को नुकसान पहुंचा। दोपहर बाद पाकिस्तानी सैनिकों ने अपने हाजीपीर सेक्टर से उड़ी सेक्टर में भारतीय चौकियों पर गोलाबारी शुरू की। बताया जा रहा है कि हाजीपीर के भेड़ी इलाके में भारतीय सेना ने भारी तबाही मचाई है। भारतीय सेना ने एथमुकाम, जूरा और लीपा घाटी में भी पाकिस्तानी सेना के ठिकानों को निशाना बनाया है। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि एथमुकाम के पास बनी पाकिस्तानी चौकी पर जैसे ही भारतीय जवानों ने गोले बरसाए वहां मौजूद पाक सैनिक भागते हुए देखे गए। एथमुकाम सेक्टर में भी दो से तीन पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की सूचना है।
अखनूर सेक्टर को बनाया निशाना :
दोपहर सवा एक बजे पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू के अखनूर सेक्टर में केरी बट्टल इलाके में भारतीय ठिकानों पर गोलाबारी शुरू की। सूत्रों की मानें तो भारत की जवाबी कार्रवाई में यहां पाकिस्तानी सेना की एक चौकी मेें आग लग गई। आग लगने के बाद कई पाक जवानों को जान बचाने के लिए दौड़ते देखा गया है।