Jammu Kashmir DDC results: ऊधमपुर और डोडा में प्रधानी भाजपा को जानी तय, बारामुला में अपनी पार्टी का गजब खेल
जम्मू कश्मीर में सोमवार को पांच और जिलों में जिला विकास परिषद के चेयरमैन के चुनाव गुपकार दलों के लिए चुनौती से कम नहीं हैं। गुपकार अलायंस भले ही दो सीटें बचा भी ले पर बड़ी पार्टियों के लिए स्थिति सहज नहीं है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो: जम्मू कश्मीर में पांच और जिलों में जिला विकास परिषद (डीडीसी) के चेयरमैन और उप चेयरमैन सोमवार को चुने जाएंगे। इनमें जम्मू संभाग के दो और कश्मीर के तीन जिले शामिल हैं। जम्मू संभाग के दोनों जिलों ऊधमपुर और डोडा जिले में भाजपा का ही कब्जा तय है। दोनों जिलों में उसे किसी के सहयोग की जरूरत नहीं है।
वहीं, कश्मीर संभाग के अनंतनाग में गुपकार गठबंधन मजबूत है। बारामुला में कड़ी टक्कर रहेगी। बडग़ाम में नेशनल कांफ्रेंस भी अपना चेयरमैन बना लेगी। यहां वह बहुमत में है।
पहले चरण में पांच जिलों में छह फरवरी को ही डीडीसी का गठन हो चुका है। इनमें जम्मू व कठुआ जिले में भाजपा ने कब्जा किया है। वहीं कश्मीर संभाग में जम्मू कश्मीर अपनी पार्टी ने श्रीनगर व शोपियां जिलों में अपने चेयरमैन और उप चेयरमैन बनाए हैं। कुलगाम में माकपा ने अपना चेयरमैन बनाया था। वह गुपकार गठबंधन का हिस्सा है।
ऊधमपुर में लालचंद भगत, डोडा में धनंतर सिंह बनेंगे प्रधान
डोडा और ऊधमपुर जिले में भाजपा अपना चेयरमैन और उप चेयरमैन बनाने में कोई दिक्कत नहीं होगी। दोनों जिलों में भाजपा बहुमत में है। ऊधमपुर में भाजपा के 11, पैंथर्स पार्टी के दो और एक निर्दलीय है। यहां पर भाजपा ने लाल चंद भगत को चेयरमैन व जूही पठानिया को उप चेयरमैन के लिए उतारा है। डोडा जिले में भाजपा को आठ सीटें मिली हैं। कांग्रेस को चार और नेशनल कांफ्रेंस व निर्दलीय उम्मीदवार को एक-एक सीट मिली है। डोडा से भाजपा के धनंतर सिंह का चेयरमैन व संगीता भगत का डिप्टी चेयरमैन बनना तय है।
महबूबा के घर में ही बौनी हो गई पीडीपी
महबूबा के घर अंनतनाग में पीडीपी नेकां के समक्ष बौनी हो गई। भले ही यहां पीपुल्स अलायंस फार गुपकार डिक्लेरेशन अपना चेयरमैन बना लेकिन पीडीपी यहां नेशनल कांफ्रेंस की दया पर निर्भ रह गई है। यहां 14 में से छह सीटें नेशनल कांफ्रेंस व तीन कांग्रेस के पास हैं। पीडीपी के पास मात्र दो सीटें हैं।
अपनी पार्टी और पीपुल्स कांफ्रेंस के समर्थन से निर्दलीय मजबूत
यहां कड़ी टक्कर है। यहां पर जम्मू कश्मीर अपनी पार्टी पीएजीडी के पूर्व घटक पीपुल्स कांफ्रेंस के समर्थन से निर्दलीय सफीना बेग को आगे कर रहे हैं और वर्तमान हालात में उनका चुना जाना तय माना जा रहा है। यहां नेशनल कांफ्रेंस को तीन, पीडीपी को दो और कांग्रेस को एक सीट मिली हैं। जम्मू कश्मीर अपनी पार्टी को दो, पीपुल्स कांफ्रेंस को तीन व तीन सीटें निर्दलीयों ने जीती हैं।
बडग़ाम में नेशनल कांफ्रेंस मजबूत
बडग़ाम में नेशनल कांफ्रेंस सबसे अधिक सीटों के साथ मजबूत हैं। यहां उसके पास आठ सीटें हैं। वह बिना समर्थन के अपना चेयरमैन बना लेगी। इसके अलावा निर्दलीय दो, पीपुल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट दो, पीडीपी एक और जम्मू कश्मीर पीपुल्स मूवमेंट के पास एक सीट है।