Jammu Lockdown Effect: शहर की सड़कों पर दिख रहा वीकेंड लॉकडाउन का असर
इस लॉकडाउन में हालांकि फल-सब्जी की दुकानें खोलने की अनुमति थी लेकिन नरवाल स्थित थोक फल व सब्जी मंडी एसोसिएशन ने अपनी इच्छा से बंद रखी।
जम्मू, जागरण संवाददाता : जम्मू जिला प्रशासन की ओर से लगाए गए वीकेंड लॉकडाउन का शनिवार को शहर की सड़कों पर असर दिखा। ईद के बावजूद लॉकडाउन काफी प्रभावी ढंग से लागू रहा। जम्मू जिले के तमाम हिस्सों में गैर जरूरी सामान की दुकानें और यातायात सेवाएं बंद रही।
सोमवार सुबह छह बजे तक जारी रहने वाले इस लॉकडाउन में केवल दवाई, दूध-दही व फल-सब्जी की दुकानों को ही खोलने की अनुमति है। लॉकडाउन में सभी यातायात सेवाएं भी बंद रही और लोगों को केवल इमरजेंसी में ही बाहर निकलने की अनुमति दी गई। इस वीकेंड लॉकडाउन को लेकर जम्मू जिला प्रशासन ने 19 जुलाई को आदेश जारी किया था और 60 घंटे का यह दूसरा वीकेंड लॉकडाउन है जो सोमवार सुबह छह बजे तक जारी रहेगा।
पूर्व में जारी आदेशानुसार प्रशासन की ओर से शुक्रवार शाम को ही लॉकडाउन लागू कर दिया गया था। आज ईद का त्योहार था लेकिन अनलॉक-2 में चूंकि शहर के सभी धार्मिक स्थल बंद है, लिहाजा मस्जिदों में भी ईद की नमाज नहीं हुई। लॉकडाउन को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस की ओर से तमाम प्रबंध किए गए थे। हालांकि इस दौरान पुलिस को शहर के किसी इलाके में भी सख्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी और लोग स्वयं ही लॉकडाउन का पालन करते दिखे।
पुलिस ने हालांकि जिले के मुख्य बाजारों, चौराहों पर तारबंदी कर रखी थी और सड़कों पर निकले लोगों से पूछताछ की गई। इस लॉकडाउन में हालांकि फल-सब्जी की दुकानें खोलने की अनुमति थी लेकिन नरवाल स्थित थोक फल व सब्जी मंडी एसोसिएशन ने अपनी इच्छा से बंद रखी। इसके चलते शहर के अन्य हिस्सों में भी ये मंडियां शनिवार को बंद रही।
प्रशासन की ओर से लगाया गया यह वीकेंड लॉकडाउन अब सोमवार सुबह छह बजे खुलेगा जिससे लोग रक्षाबंधन का त्योहार पूरे उल्लास के साथ मना सकेंगे।