Jammu Kashmir Weather: फिर बेहाल करने लगी उमस, रात को हल्की बारिश की संभावना
इस वर्ष जून में मौसम सामान्य ही रहा था लेकिन जुलाई महीने के पहले पखवाडे़ में औसत बारिश कम होने के बाद जुलाई के दूसरे पखवाडे़ में मानसून की बारिश में सुधार हुआ है। इस सप्ताह भी सामान्य बारिश होने की संभावना है।
जम्मू, जागरण संवाददाता : पिछले दिनों हुई बारिश के बाद मौसम राहत भरा हो गया था लेकिन दो दिनों से मौसम शुष्क रहने के बाद एक बार उमस बेहाल करने लगी है। कूलर, ऐसी, पंखे से हटते ही पसीना तरबतर कर देता है।ऐसे में हर किसी को बारिश का बेसब्री से इंतजार है।उमस बढ़ती उमस और चिलचिलाती धूप के बीच मौसम विभाग से मिली सूचना राहत भरी है। जानकारी अनुसार जम्मू संभाग में देर शाम से घने बादल छाने लगेंगे। इसके साथ ही हल्की बारिश के भी आसार हैं। वहीं कश्मीर में हल्के बादल छाने की संभावना है।
इस वर्ष जून में मौसम सामान्य ही रहा था लेकिन जुलाई महीने के पहले पखवाडे़ में औसत बारिश कम होने के बाद जुलाई के दूसरे पखवाडे़ में मानसून की बारिश में सुधार हुआ है। इस सप्ताह भी सामान्य बारिश होने की संभावना है। सोमवार से बुधवार देर रात तक रुक-रूक कई स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी रहा।19 जुलाई के बाद हुई बारिश से मानसून यौवन पर दिखा।अब रविवार शाम से फिर से पहले जैसा दवाब बनता दिख रहा है।शेर-ए-कश्मीर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ डा. महेंद्र सिंह अनुसार रविवार शाम से कुछ स्थानों पर बारिश शुरू हो जाएगी।27-28 को अच्छी बारिश की संभावना है। हालांकि अभी दो दिनों से मौसम शुष्क रहने के बाद तापमान भी बढ़ने लगा है।
जम्मू का अधिकतम तापमान 34.3, न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू संभाग के दूसरे शहरों का तापमान इससे कम ही रहा। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 29.9, न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा। लेह का अधिकतम तापमान 26.9, न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा। गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
कहा रहा कितना तापमान
- जम्मू 34.3 27.8
- बनिहाल 30.0 20.8
- बटोत 28.3 20.0
- कटड़ा 31.7 25.3
- भद्रवाह 28.3 19.0
- श्रीनगर 29.9 19.8
- काजीगुंड 30.4 18.7
- पहलगाम 25.7 16.9
- कुपवाड़ा 30.7 14.9
- कोकरनाग 28.1 17.9
- गुलमर्ग 20.0 13.4
- लेह 26.9 13.4
- कारगिल 26.8 16.0
तापमान डिग्री सेल्सियस में है।