जम्मू में वीकेंड प्रतिबंध लागू, गैर-जरूरी सभी दुकानें बंद; अनाज मंडी में रहा सेल्फ वीकेंड लाकडाउन
प्रदेश प्रशासन की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों को लेकर गत दिवस असमंजस की स्थिति पैदा हो गई थी। दोपहर दो बजे से प्रतिबंध लागू होने थे लेकिन चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू के हस्तक्षेप के बाद रात नौ बजे तक सभी दुकानें खुली रही।
जम्मू, जागरण संवाददाता : कोरोना महामारी की रफ्तार को कम करने के लिए प्रदेश प्रशासन की ओर से वीकेंड पर लगाए गए गैर-जरूरी प्रतिबंध शनिवार को जम्मू में भी लागू हुए। प्रशासन की ओर से शुक्रवार दोपहर दाे बजे से यह प्रतिबंध लगाए गए थे लेकिन जम्मू में शुक्रवार को पूरा दिन सभी बाजार खुले रहे। शनिवार को सुबह से ही शहर में गैर-जरूरी सामान की सभी दुकानें बंद रही। प्रतिबंधों के बीच केवल दूध-दही, फल-सब्जी, बेकरी व दवाई की दुकानें खुली।
इस प्रतिबंध को लागू करवाने के लिए पुलिस भी अलर्ट है और शहर में किसी भी गैर-जरूरी सामान की दुकान को खोलने की अनुमति नहीं दी जा रही। हालांकि इस दौरान ट्रांसपोर्ट सेवाएं सामान्य रूप से जारी रही लेकिन प्रतिबंधों के बीच सवारियों की कमी ही रही। अब यह प्रतिबंध रविवार को भी लागू रहेंगे और सोमवार सुबह छह बजे के बाद शहर के सभी बाजारों में दुकानें एक साथ खुलेगी।
#COVID19 | Streets wear deserted look as Jammu & Kashmir administration imposed complete restrictions on non-essential movements during the weekend; earlier visuals from Srinagar pic.twitter.com/rUnx78PDoc— ANI (@ANI) January 22, 2022
प्रदेश प्रशासन की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों को लेकर गत दिवस असमंजस की स्थिति पैदा हो गई थी। दोपहर दो बजे से प्रतिबंध लागू होने थे लेकिन चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू के हस्तक्षेप के बाद रात नौ बजे तक सभी दुकानें खुली रही। चैंबर ने गत दिवस ही अपने व्यापारियों से शनिवार-रविवार सभी गैर-जरूरी सामान की दुकानें बंद रखने का आह्वान किया था जिसका शनिवार को शहर में असर देखने को मिला। शनिवार को शहर के लगभग सभी क्षेत्रों में गैर-जरूरी सामान की दुकानें बंद रही।
अनाज मंडी में रहा सेल्फ वीकेंड लाकडाउन
प्रशासन की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों में हालांकि आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई थी और राशन की दुकानों को खोलने पर किसी तरह का कोई प्रतिबंध नहीं था लेकिन जम्मू की सबसे बड़ी थोक अनाज मंडी वेयर हाउस में शनिवार को सेल्फ वीकेंड लॉकडाउन रहा। ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस नेहरू मार्केट ने गत दिनों घोषणा की थी कि कोरोना महामारी की चेन को ताेड़ने के लिए मंडी शनिवार व रविवार को बंद रहेगी। आज शनिवार को मंडी में सभी दुकानें बंद रही। अब यह मंडी भी सोमवार को खुलेगी।