Jammu: हवा से टूटा कच्चा आम; 40 फीसद तक फसल प्रभावित हुई, किसान परेशान
बागवानी अधिकारी संजीव कुमार का कहना है कि हवा के कारण आम के पेड़ों को भी नुकसान हुआ। कई जगह पेड़ाें की शाखाएं टूट गई। संग्रामपुर के आम उत्पादक किसान अश्वनी शर्मा ने बताया कि इस बार आम की भरपूर फसल दिख रही थी।
जम्मृ, जागरण संवाददाता: इस बार जम्मू में आम की अच्छी फसल पनप रही थी। मगर पिछले दिनों चली तेज हवा ने आम उत्पादक किसानों को निराश कर दिया। हवा का वेग तेज रहने से कच्चा आम पेड़ों से टूट कर गिर गया। कई क्षेत्रों में तो 35 से 40 फीसद तक फसल प्रभावित हुई है। अब किसान दुखी है। एक तो बड़ी संख्या में कच्चा आम गिर गया।
वहीं कोरोना के इस दौर में यह कच्चा आम भी तो बिक नही रहा। ऐसे में आम उत्पादक निराश हैं और भय यह है कि कहीं फिर से आंधी तूफान न चल पड़े कि पेड़ों पर बची बाकी आम की फसल भी प्रभावित हो जाए। अखनूर, भलवाल, खौड़, सांबा, मानसर,ऊधमपुर में आम की फसल को पहले ही काफी नुकसान हुआ है।
बागवानी अधिकारी संजीव कुमार का कहना है कि हवा के कारण आम के पेड़ों को भी नुकसान हुआ। कई जगह पेड़ाें की शाखाएं टूट गई। संग्रामपुर के आम उत्पादक किसान अश्वनी शर्मा ने बताया कि इस बार आम की भरपूर फसल दिख रही थी। जैसे 2008 में आम फला था, ऐसे ही इस बार सभी पेड़ों पर खूब फल लगे हुए थे मगर तेज हवा के कारण काफी फल झड़ गए। अब कच्चे आम के ग्राहक भी लॉक डाउन के कारण नही दिख रहे।
किसानों का कहना है कि जम्मू में देसी समेत दूसरे आम के काफी पेड़ है मगर किसानों को लाभ नही हो पाता। कभी मौसम की मार तो कभी किसानों की फसल नही बिक पाती। ऐसे में स्थानीय स्तर पर ऐसे यूनिट लगने चाहिए ताकि कच्चे आम और पके आम की खपत हो सके।