Jammu Crime: मीरां साहिब के इंदिरा नगर गांव में चोरों ने श्मशान घाट से चुराया तीन क्विंटल सरिया, ग्रामीणों ने जताया गुस्सा
इंदिरा नगर गांव में स्थित श्मशान घाट से चोरों ने श्मशान घाट का मुख्य द्वार बनाने के लिए वहां रखा गया तीन क्विंटल के करीब सरिया चुरा लिया। श्मशान के मुख्य द्वार बनाने का काम लॉ कृष्णा हेल्थ क्लब के इंचार्ज की ओर से करवाया जा रहा है।
मीरां साहिब, संवाद सहयोगी : मीरां साहिब के इंदिरा नगर गांव में स्थित श्मशान घाट से शनिवार की देर रात चोरों ने श्मशान घाट का मुख्य द्वार बनाने के लिए वहां रखा गया तीन क्विंटल के करीब सरिया चुरा लिया। श्मशान घाट के मुख्य द्वार बनाने का काम लॉ कृष्णा हेल्थ क्लब के इंचार्ज और समाज सेवक मनमोहन शर्मा की ओर से करवाया जा रहा है। उन्होंने इस संबंध में स्थानीय थाने में चोरी का मामला दर्ज करवाया है। थाना प्रभारी हर महेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं, उन्हें धार्मिक स्थलों पर भी हाथ कर रहे हैं।
समाज सेवक मनमोहन शर्मा ने बताया कि वह अपनी दिवंगत माता की याद में श्मशान घाट के मुख्य द्वार को बना रहे हैं। उसके लिए उन्होंने निर्माण सामग्री श्मशान घाट के पास जमा की थी यहां से शनिवार रात को चोरों ने वहां पर पड़ा तीन क्विंटल सरिया चुरा लिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग कर कहा कि जिन लोगों ने भी इस घटना को अंजाम दिया है उनको जल्द से जल्द पकड़कर सजा दी जाए। उधर, थाना प्रभारी हर महेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने श्मशान घाट के साथ लगने वाली गुज्जर बस्ती के लोगों से इस संबंध में पूछताछ की है।
थाना प्रभारी ने कहा कि चोरी की घटना को अंजाम देने वालों का जल्द पुलिस द्वारा पता लगा लिया जाएगा। फिलहाल इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। यदि किसी के बारे में कोई थोड़ी बहुत भी सूचना मिले तो पुलिस को दें, उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी। पूर्व सरपंच विजय शर्मा का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। पुलिस को ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि आए दिन हो रहे इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लग सके। चोर यह भी नहीं समझ रहे हैं कि मरने के बाद एक दिन उन्हें भी श्मशान घाट ही जाना होगा।