Jammu Kashmir weather update: पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव दिखने लगा, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग खुला
केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर के लगभग सभी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। लेकिन न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोत्तरी हुई है।
जम्मू, जागरण संवाददाता। केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव आज से दिखने लगेगा। मौसम विभाग के अनुसार अाज देर शाम से उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश होने की प्रबल संभावना है। हालांकि जम्मू संभाग में सुबह से ही बादल छाये हुए हैं लेकिन कश्मीर में हल्की धूप है। जम्मू की बात करें तो बादल छाये रहने के बाद यहां ठंड का प्रकोप बढ़ा है। बुधवार से ठंड का प्रकोप और बढ़ेगा। मौसम में यह उतार चढ़ाव वीरवार तक जारी रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार से मौसम फिर से खराब होने लगेगा। मंगलवार को श्रीनगर का अधिकतम तापमान 12.8 जबकि न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू का अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस रहेगा। लेह का अधिकतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान -4.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर के लगभग सभी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। लेकिन न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोत्तरी हुई है। वहीं मरम्मत के बाद मंगलवार को जम्मू-श्रीगनर राष्ट्रीय राजमार्ग वाहनों के लिए खोल दिया गया है। यह मार्ग सोमवार को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रखा गया था। भूस्खलन के कारण इस मार्ग को पहुंचे नुकसान को पूरी तरह से ठीक करने के लिए सोमवार को यह मार्ग मरम्मत कार्य के चलते बंद किया गया था।
आज मंगलवार सुबह से ही दोनों तरफ से छोटी गाडि़यों को रवाना किया गया। वहीं जरूरी खाद्य सामग्री लेकर श्रीनगर जा रहे बड़े वाहनों को भी जाने की इजाजत दी गई है। इसके अलावा लेह-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिन भर बर्फ हटाने का काम रहने के बाद कुछ फंसी गाड़ियों को सफलतापूर्वक निकाला गया। अगर मौसम साफ रहा तो जल्द यह मार्ग भी वाहनों के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा। इसके अलावा पुंछ को कश्मीर से छोड़ने वाला मुगल रोड अभी भी बर्फबारी के कारण बंद है। हालांकि यहां भी पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी बर्फ हटाने का काम जारी रखे हुए हैं।
शेर-ए-कश्मीर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ डा. महेंद्र सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का दवाब बनने लगा है। रात से यह सक्रीय हो जाएगा। देर रात से उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं।