Jammu: होली की मस्ती में मस्ताने खूब उड़ा रहे गुलाल
चौक-चौराहों पर डीजे की धुनों पर रंगों के साथ जमकर होली मनाई जा रही है। खासकर बच्चों में होली को लेकर ज्यादा उत्साह देखने को मिल रहा है।
जम्मू, जेएनएन। जम्मू में होली की धूम का अलग ही नजारा देखने को मिल रहा है। दिन चढ़ने के साथ बढ़ता शोरगुल। सीटियों की गूंज। तिरंगों के साथ देशभक्ति का जयघोष। उड़ते गुलाल के साथ उत्साह और जोश। होली पर शहर की सड़कों व गलियों में ऐसा ही नजारा है। रंगों की मस्ती में डूबे मस्तानों ने गलियों व सड़कों को होली के रंगों में रंग डाला है। प्रेम व स्नेह के इस त्योहार को मनाने के लिए लोग सुबह ही घरों से निकल गए थे। शहर के बाजारों व गलियों में हर तरफ लोग रंग खेलते नजर आ रहे हैं। बच्चे जहां शहर की गलियों में धमाल मचा रहे हैं वहीं सड़कों पर युवाओं का राज है।
शहर की मुख्य सड़कों के अलावा चौराहों पर युवाओं की टोलियां एक-दूसरे पर रंग डालकर मस्ती करती नजर आ रही हैं। हर कोई अपने अंदाज में होली खेल रहा है। हुल्लड़बाजी करने वाले एक-दूसरे पर अंडे व टमाटर फेंक कर अपने ढंग से होली मना रहे हैं। युवाओं की टोलियां मोटरसाइकिलों, कारों में शहर की सड़कों व बाजारों से सीटी, हॉर्न व हुड़दंग मचाते नजर आए। जो सामने आ रहा है उसे रंगों में रंग दिया जा रहा है। खिली धूप ने पर्व की एहमियत और बढ़ा दी है। होली के शौकीन बच्चे छतों से पानी की बौछारें कर रहे हैं।
चौक-चौराहों पर डीजे की धुनों पर रंगों के साथ जमकर होली मनाई जा रही है। खासकर बच्चों में होली को लेकर ज्यादा उत्साह देखने को मिल रहा है। होली मनाने के लिए बच्चों ने ढेर सारी तैयारियां कर रखी हैं। घर पर आने वाले दोस्तों, रिश्तेदारों और अपनों को रंग लगाने के साथ मुंह मीठा करवाकर होली की बधाई दी जा रही है। रंगों में पारंपरिक रंगों के साथ स्प्रे के रंगों का जमकर प्रयोग हुआ। हर्बल रंगों को ज्यादा तवज्जो दी गई है। मोटरसाइकिलों पर एक हाथ में गुब्बारे और दूसरे हाथ में रंग पकड़े युवाओं का जोश देखते ही बन रहा है। युवकों के साथ युवतियों पर भी होली का रंग खूब चढ़ा हुआ है। कई टोलियों में युवतियां शामिल होकर होली का जश्न मनाती दिखीं।
पुलिस भी दिखी नरम
होली के अवसर पर पुलिस की तरफ से भी युवाओं को छूट है। हालांकि, शहर में पुलिस की काफी संख्या में तैनाती की गई है। जगह-जगह नाके भी लगाए गए हैं, लेकिन पुलिस नरमी से पेश आ रही है। हुल्लड़बाजी करने वालों को पुलिस रोक तो रही है लेकिन उन्हें समझाने के बाद छोड़ दिया जा रहा है। होली के चलते शहर की सड़कें भी पानी से गीली और रंगों से लाल हो चुकी हैं। लिहाजा ऐसे में वाहनों के स्लिप होने की संभावना बढ़ गई है। इसी के चलते पुलिस जवान युवाओं को वाहन धीरे चलाने की नसीहत दे रहे हैं।