जम्मू-कश्मीर में अगले तीन दिनों में भारी बारिश की संभावना, प्रशासन अलर्ट
सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने जम्मू-कश्मीर के दरियाओं पर बनाए गए कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को सतर्क रहने की चेतावनी दे दी है।
जम्मू, जेएनएन। कश्मीर घाटी में आज सुबह से भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 28 जुलाई तक इसी तरह बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। मौसम विशेषज्ञों की इस भविष्यवाणी ने कश्मीर में बाढ़ जबकि जम्मू में भी भारी तबाही की संभावना पैदा कर दी है। प्रशासन अभी से व्यवस्था में जुट गया है।
सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने जम्मू-कश्मीर के दरियाओं पर बनाए गए कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को सतर्क रहने की चेतावनी दे दी है। उन्हें दरियाओं के जलस्तल पर नजर रखने को कहा गया है और समय-समय पर स्थिति की जानकारी देने के भी निर्देश दिए गए हैं।
कश्मीर में पिछले चौबीस घंटों से बारिश हो रही है। वीरवार सुबह बारिश तेज हो गई जिससे घाटी के कई निचले इलाकों में जलभराव होना शुरू हो गया है। दरियाआें के नजदीकी इलाकों में रहने वाले लोगों में दहशत व्याप्त हो गइ है। उनका कहना है कि अगर इसी तरह बारिश होती गइ तो झेलम का जलस्तर बढ़ जाएगा आैर पानी शहर में भरना शुरू हो जाएगा। यही स्थिति जम्मू में भी है। बुधवार देर रात से शुरू हुई बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। सड़कों पर भी जलभराव होने से वाहनों की गति धीमी हो गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि 28 जुलाई तक यानी अगले तीन दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की इस चेतावनी के बाद प्रशासन सतर्क हो चुका है। दरियाओं के साथ लगते गांवों व इलाकों में रहने वाले लोगों को भी अलर्ट कर दिया गया है।