Jammu Kashmir : हर्षोल्लास से मनाया गया गुरु नानक देव जी का प्रकाशोत्सव, गुरुद्वारों में माथा टेकने उमड़ी सिख संगत
श्री गुरु नानक देव जी का 551वां प्रकोशात्सव केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कोविड-19 के दिशा-निर्देशों के बीच हालांकि नगर कीर्तन नहीं निकाला गया लेकिन गुरुद्वारों में शब्द-कीर्तन से माहौल गुरुमय हो गया। बड़ी संख्या में सिख संगत गुरुद्वारों में माथा टेकने पहुंची।
जम्मू, जागरण संवाददाता : श्री गुरु नानक देव जी का 551वां प्रकोशात्सव केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कोविड-19 के दिशा-निर्देशों के बीच हालांकि नगर कीर्तन नहीं निकाला गया लेकिन गुरुद्वारों में शब्द-कीर्तन से माहौल गुरुमय हो गया। बड़ी संख्या में सिख संगत गुरुद्वारों में माथा टेकने पहुंची।
इस पावन मौके पर जम्मू में चांद नगर में गुरुद्वारा यादगार श्री गुरु नानक देव जी को बखूबी सजाया गया था। हजारों की संख्या में संगत यहां पहुंची और गुरुवाणी का आनंद उठाया तथा नतमस्तक होकर सुख और शांति की कामना की। कोविड-19 के मद्देनजर श्रद्धालुओं को जागरुक करने और दिशा-निर्देशों का पालन करने के मद्दनेजर सेवादार जुटे रहे। गुरुद्वारे के आसपास के इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। संगत में भारी उत्साह देखा गया।
इतना ही नहीं सुबह सवेरे जम्मू शहर के गुरुद्वारा बाबा फतेह सिंह गांधी नगर, गुरुद्वारा श्री गुरु कलगीधर रिहाड़ी, गुरुद्वारा सिंह सभा नानक नगर और गुरुद्वारा टाली साहिब तालाब तिल्लों में भी शब्द-कीर्तन के साथ गुरु की महिमा का गुणगान किया गया। कोविड-19 के दिशा-निर्देशों के बीच आयोजित किए गए समारोह में हजारों की संख्या में संगत ने भाग लेकर गुरु घर का आशीर्वाद लिया। गुरुद्वारों में सजाए गए दीवान हर किसी को दिल से नतमस्तक होकर गुरु का आशीर्वाद लेने को आकर्षित कर रहे थे। शाम के समय दीपमालाओं से सजाए गए गुरुद्वारों की छटा देखते ही बनी। नानक नगर के मुख्य मार्ग के दोनों किनारों पर दीपमालाएं प्रज्वलित की गई। काेविड-19 के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए संगत ने प्रसाद ग्रहण किया।
मुख्य कार्यक्रम जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा चांद नगर में किया गया। पंजाब से गणमान्य प्रचारक व रागी जत्थे कार्यक्रम में पहुंचे जिन्होंने गुरुवाणी कीर्तन से संगत को निहाल किया। डेरा नंगाली साहिब के चीफ महंत मंजीत सिंह, डेरा संतपुरा डन्ना साहिब के चीफ संत तेजवंत सिंह इस मौके पर गुरु नानक साहिब की शिक्षाओं से संगत को रूबरू करवाते हुए निहाल किया। तख्त श्री दमादम साहिब के मुख्य सेवादार ज्ञानी जगतारा सिंह जी कीरतपुरी ने भी गुरु की वाणी से सभी को मंत्रमुगध किया और सभी से गुरु के दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। दरबार साहिब अमृतसरा के हजूरी रागी भाई हरनाम सिंह, भाई जगतार सिंह जम्मू वाले समेत अन्य रागियों ने गुरु कीर्तन से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं स्टेट गुरुद्वारा प्रबंधक बोर्ड के चेयरमैन त्रिलोचन सिंह वजीर ने संगत को संबोधित करते हुए सिख समुदाय के ज्वलंत मुद्दों को उजागर किया। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे किसानों से सहानुभूति जताते हुए भारत सरकार से उनके बातचीत करने पर जोर दिया। इसके अलावा इस मौके पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगजीत सिंह ने सहयोग के लिए प्रशासन का धन्यवाद किया।