Jammu: शिवसेना के प्रदेश अध्यक्ष साहनी ने कहा- मनमाने ढंग से स्कूल फीस वसूलने पर रोक लगाए सरकार
साहनी ने कहा कि कोरोना संक्रमण के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग से स्कूलों को बंद कर आनलाइन पढ़ाई शुरू के निर्देश जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कोरोना के नाम पर अभिभावकों का शोषण हो रहा है।
जागरण संवाददाता, जम्मू : निजी स्कूलों की ओर से मनमानी फीस वसूली पर शिवसेना ने नाराजगी जताई है। शिवसेना ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मनमानी फीस वसूलने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जम्मू पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए शिवसेना के प्रदेश अध्यक्ष मनीष साहनी ने कहा कि जम्मू संभाग के अधिकांश निजी स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से निर्धारित फीस से ज्यादा की वसूली कर रहे हैं। ऐसे स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले से ही लोग कोरोना महामारी को लेकर परेशान हैं। ऊपर से लोगों की आमदनी भी घट गई है। ऐसे में अभिभावक अतिरिक्त फीस का बंदोबस्त कहां से करेंगे। साहनी ने कहा कि निजी स्कूल वाले फीस के लिए अभिभावकों पर लगातार दबाव बना रहे हैं।
प्रदेश प्रशासन को इन स्कूलों के साथ सख्ती से पेश आना चाहिए ताकि स्कूलों की मनमानी पर अंकुश लग सके। इतना ही नहीं कुछ निजी स्कूल तो शिक्षा विभाग के निर्देशों को दरकिनार कर स्कूल के नाम से छपी किताब बचे रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा कोई व्यवसाय नहीं। हर बच्चे का शिक्षा पर हक हैं। इस दिशा में सभी बच्चों को अच्छे स्कूल, अच्छी सुविधाएं मिलनी चाहिए।
साहनी ने कहा कि कोरोना संक्रमण के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग से स्कूलों को बंद कर आनलाइन पढ़ाई शुरू के निर्देश जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कोरोना के नाम पर अभिभावकों का शोषण हो रहा है। इसके खिलाफ प्रशासन को संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। इस मौके पर महासचिव विकास बख्शी, अध्यक्ष सांबा नीलम सम्याल, अरुण सम्याल,विजय मनयाल आदि उपस्थित थे।