Jammu : शोध पर जोर से किसानों की आय बढ़ाने में जुटी सरकार: जितेंद्र
केंद्रीय मंत्री ने जल प्रबंधन के लिए हेली बोर्न सर्वेक्षण का जिक्र किया जो कई राज्यों के शुष्क क्षेत्रों में जल प्रबंधन के लिए शुरू हुआ है। इससे 500 मीटर की गहराई में मौजूद भूजल के बारे में जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
जागरण संवाददाता, जम्मू : केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं, जिनका उन्हें लाभ मिल रहा है।
वे शेर-ए-कश्मीर यूनिवर्सिटी आफ एग्रीकल्चर साइंसेज एंड टेक्नोलाजी (स्कास्ट) के चट्ठा कैंपस में चल रहे पांच दिवसीय किसान मेले में लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों के कार्यकाल की तुलना में अब कृषि में शोध को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि किसानों की आमदनी दोगुनी हो सके। उन्होंने एकीकृत खेती पर जोर देते हुए कहा कि इससे वे अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं।
जितेंद्र सिंह ने युवाओं से कहा कि वे कृषि उद्यमी बनें और अपनी यूनिट स्थापित करें। केंद्रीय मंत्री ने उद्यमिता विकास के लिए कृषि-स्टार्टअप को बढ़ावा देने पर जोर दिया। केंद्रीय मंत्री ने जल प्रबंधन के लिए हेली बोर्न सर्वेक्षण का जिक्र किया, जो कई राज्यों के शुष्क क्षेत्रों में जल प्रबंधन के लिए शुरू हुआ है। इससे 500 मीटर की गहराई में मौजूद भूजल के बारे में जानकारी प्राप्त की जा सकती है। केंद्रीय मंत्री ने जम्मू कश्मीर में बन रहे बायोटेक्नोलाजी पार्क का जिक्र करते हुए कहा कि इससे यहां के पढ़े लिखे युवाओं के लिए रोजगार के रास्ते खुलेंगे।
उन्होंने स्कास्ट व भारतीय समवेद संस्थान को मिलकर भविष्य में नए संस्थानों के साथ सहयोग करने का सुझाव दिया, ताकि कृषि, वन बूटी आधारित कार्यों को बढ़ावा दिया जा सके। इस मौके पर स्कास्ट के उप कुलपति प्रो. जेपी शर्मा ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में किसानों की अहम भूमिका है। कोरोना काल में जब सभी काम धंधे मंदे थे, तो यही किसान खेतों में मेहनत कर रहे थे। उन्होंने किसानों से काला जीरा, राजमा, केसर, लेमन ग्रास आदि की खेती करने पर जोर दिया।