गोपाष्टमी पर हुई गौ माता की पूजा, आशीर्वाद पाने गौशाला पहुंचे मेयर
ऐसा माना जाता है कि जो गाय की विधिवत पूजा, सेवा करके उसकी परिक्रमा करता है और हरी घास खिलाता है, उसकी प्रत्येक मनोकामना पूर्ण होती है। उस पर किसी भी ग्रह का बुरा प्रभाव नहीं पड़ता।
जम्मू, जेएनएन। मंदिरों के शहर में गोपाल अष्टमी पर्व धार्मिक आस्था व धूमधाम से मनाया गया। गौ माता को फूलों का हार पहनाकर, उन्हें हराभरा चारा खिलाकर श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली के लिए प्रार्थना की। गोशाला अंबफला में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था। आटा, चारा आदि लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं ने गौ माता की पूजा की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। ऐसा माना जाता है कि जो गाय की विधिवत पूजा, सेवा करके उसकी परिक्रमा करता है और हरी घास खिलाता है, उसकी प्रत्येक मनोकामना पूर्ण होती है। उस पर किसी भी ग्रह का बुरा प्रभाव नहीं पड़ता।
जम्मू-कश्मीर गोरक्षा समिति की ओर से गोशाला में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ गौ माता की पूजा-अर्चना की गई। जम्मू शहर के नवनिर्वाचित मेयर चंद्र मोहन गुप्ता भी गौ माता का आशीर्वाद पाने के लिए गौशाला पहुंचे। उनके अलावा पूर्व उपमुख्यमंत्री कविन्द्र गुप्ता, विधायक राजेश गुप्ता सहित सभी कारपोरेटर भी हवन में शामिल होने के लिए आए। महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 महंत रामेश्वरदास जी व संत दिनेश भारती जी ने भी गौ पूजा के बाद संगत को गोपाल अष्टमी के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि कार्तिक शुक्ल अष्टमी को मनाए जाने वाले इस पर्व में गाय का पूजन-करने से सुख-समृद्धि में वृद्धि होती है।
संत-महात्माओं की मौजूदगी में राजनीतिज्ञाें, समिति के प्रधान राज कुमार गुप्ता, महासचिव ज्ञातनंदन जैन सहित अन्य गण्यमान्य लोग ने हवन में आहुति अर्पित कर जम्मू-कश्मीर में शांति व लोगों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। समिति के प्रधान राज कुमार गुप्ता ने समस्त श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे गौ माता की रक्षा व उनके पालन पोषण के लिए बढ़-चढ़कर योगदान दें। उन्होंने कहा कि जिस घर में गाय का निवास होता है वहां सुख, समृद्धि बनी रहती है।
वहीं सनातन श्रीधरा गौशाला संस्थान ट्रस्ट लोअर गाडीगढ़ में भी विद्वानों ने सर्वप्रथम वैदिक मंत्रो के बीच गौ माता की विशेष पूजा की। इस अवसर जम्मू सहित अन्य राज्यों से पहुंचे विद्वान पंडितों ने गौ पूजन और विष्णु अर्चना के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जिस घर में गाय का निवास होता है वहां बुराई कदम नहीं रख सकती। उस घर में सुख, समृद्धि बनी रहती है। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने गौ माता की आरती कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।