Jammu Kashmir: जम्मृू में दुश्मन के मंसूबे नाकाम बनाने को सेना चौकस, कोर कमांडर ने दौरा कर बढ़ाया उत्साह
प्रदेश में जिला परिषद चुनाव को सुरक्षित बनाने के लिए बेहतर समन्वय से दुश्मन की साजिशों को नाकाम बनाने की मुहिम जारी है। पुलिस व केंद्रीय रिर्जव पुलिस बल ने गत दिनों जम्मू के नगरोटा में चार आतंकवादियों को मार गिराकर बड़ी उपलब्धि हासिल की थी।
जम्मू, राज्य ब्यूरो: जम्मू में अंतराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाकों की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली सेना की पश्चिमी कमान की 9 कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र दिवेद्धी ने सेना को कड़ी सर्तकता से हर चुनौती का सामना करने के लिए कहा है। इस समय पाकिस्तान की ओर से जम्मू में अंतराष्ट्रीय सीमा से आतंकवादियों की घुसपैठ करवाने की कोशिशें की जा रही हैं। सांबा सेक्टर में सुरंग का पर्दाफाश होने के बाद सोमवार को सीमा प्रहरियों ने एक घुसपैठिए को मार गिराया था।
ऐसे हालात में हिमाचल प्रदेश के यौल से पहुंचे कोर कमांडर ने सीमा की मौजूदा सुरक्षा चुनौतियां जानने के बाद उनका सामना करने के लिए सीमा से सटे इलाकों में की गई तैयारियों से फील्ड कमांडरों से जानकारी ली। कोर कमांडर ने सतवारी में सेना की टाइगर डिवीजन के मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों से बैठकें भी की। सुरक्षा हालात का जायजा लेने के बाद कोर कमांडर बुधवार को लौट गए। इससे पहले उन्होंने मंगलवार को जम्मू राजभवन में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बैठक कर उन्हें भी मौजूदा सुरक्षा हालात व सेना की तैयारियों के बारे में जानकारी दी थी।
जम्मू में आईबी पर सेना, सीमा सुरक्षाबल के पीछे दूसरे चक्र में तैनात हैं। तीसरे चक्र की सुरक्षा का जिम्मा जम्मू कश्मीर पुलिस के हवाले है। ऐसे में सीमांत क्षेत्रों में सर्तकता बनाने में पुलिस भी पूरा सहयोग दे रही है। प्रदेश में जिला परिषद चुनाव को सुरक्षित बनाने के लिए बेहतर समन्वय से दुश्मन की साजिशों को नाकाम बनाने की मुहिम जारी है। पुलिस व केंद्रीय रिर्जव पुलिस बल ने गत दिनों जम्मू के नगरोटा में चार आतंकवादियों को मार गिराकर बड़ी उपलब्धि हासिल की थी।
ऐसे हालात में मंगलवार को जम्मू कश्मीर पुलिस के डीजीपी दिलबाग सिंह ने जम्मू में सीमा के सुरक्षा हालात का जायजा लेने के साथ बिश्नाह के सीमांत क्षेत्रों का दौरा कर वहां कड़ी सर्तकता बरत रहे सीमा प्रहरियों का हौंसला भी बढ़ाया। सीमांत क्षेत्रों में जम्मू-कश्मीर पुलिस भी कड़ी चौकसी बनाए रखने में सहयोग दे रही है।