Jammu : केंद्र के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सरकार का तोहफा, अब जम्मू-कश्मीर के कर्मचारियों को घोषणा का इंतजार
सरकार ने कहा है कि पहली जनवरी 2020 से 30 जून 2021 के बीच जो कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए है उन्हें इस अवधि का डीए जोड़कर ही लाभ दिया जाएगा। पहली जनवरी 2020 से 30 जून 2020 के बीच जो कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए हैं उन्हें 21 फीसद डीए का लाभ मिलेगा।
जम्मू, जागरण संवाददाता : केंद्र सरकार ने वीरवार को अपने रिटायर्ड कर्मचारियों को बड़ी राहत प्रदान करते हुए बड़ी घोषणा की है। पहली जनवरी 2020 से 30 जून, 2021 के बीच जो कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए हैं, उनकी ग्रेच्युटी व लीव इनकैशमेंट इस अवधि के डीए को शामिल करके जारी की जाएगी। कोरोना महामारी के चलते केंद्र सरकार ने इस अवधि के दौरान कर्मचारियों का डीए फ्रीज कर दिया था। ऐसे में इस अवधि के दौरान सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को सेवानिवृत्त लाभ देते समय इस अवधि का डीए नहीं जोड़ा गया। इससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ग्रच्युटी व लीव इनकैशमेंट में काफी कमी आई।
कर्मचारियों को राहत प्रदान करते हुए अब सरकार ने कहा है कि पहली जनवरी 2020 से 30 जून, 2021 के बीच जो कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए है, उन्हें इस अवधि का डीए जोड़कर ही लाभ दिया जाएगा। पहली जनवरी 2020 से 30 जून, 2020 के बीच जो कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए हैं, उन्हें 21 फीसद डीए का लाभ मिलेगा। पहली जुलाई 2020 से 31 दिसंबर, 2020 के बीच सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को 24 फीसद और पहली जनवरी 2021 से 30 जून, 2021 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को 28 फीसद लाभ मिलेगा। जब केंद्र सरकार ने डीए फ्रीज किया था, उस समय कर्मचारियों का डीए 17 फीसद था।
उसके बाद जनवरी 2020 से 30 जून 2020 के बीच चार फीसद, पहली जुलाई 2020 से 31 दिसंबर 2020 के बीच तीन फीसद और पहली जनवरी 2021 से 30 जून 2021 के बीच चार फीसद डीए बढ़ाया गया, लेकिन कोरोना महामारी के चलते यह जारी नहीं किया गया। इस जुलाई में सरकार ने डीए रिलीज किया था।
केंद्र के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिली इस सौगात के बाद केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी यह लाभ मिलने की उम्मीद बंधी है। पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रवक्ता सुभाष शास्त्री के अनुसार पहली जनवरी से 30 जून, 2021 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को इसका लाभ मिलने से उनकी ग्रेच्युटी व लीव इनकैशमेंट में काफी अंतर अाएगा और डीए फ्रीज होने से जो राहत रूकी थी, वो उन्हें सेवानिवृत्त होने पर मिलेगी जो काफी अच्छा फैसला है।