रात भर मोबाइल टावर पर क्यों चढ़ा रहा व्यक्ति, वजह जानकर चकित रह जाएंगे आप!
टावर से उतरने पर पुलिस ने सबसे पहले व्यक्ति से नाम पूछा। उसने अपना नाम तरसेम लाल पुत्र रोशन लाल बताया और कहा कि वह रंगूर कैंप रामगढ़ सांबा का रहने वाला है।
जम्मू, जागरण संवाददाता। शहर के त्रिकुटा नगर इलाके में बने एक पार्क के नजदीक से गुजरने वाले लोग उस समय हैरान रह गए जब मोबाइल टावर पर चढ़ा एक व्यक्ति उनसे नीचे उतरने के लिए मदद मांग रहा था। लोग मदद करना तो चाहते थे परंतु इतने ऊंचे टावर पर चढ़कर व्यक्ति को कैसे उतारें यह किसी को समझ नहीं आया। लिहाजा पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस भी मौके पर आई और उन्होंने भी टावर पर चढ़े व्यक्ति को उतारने के लिए काफी मशक्कत की परंतु टावर पर चढ़ा व्यक्ति एक कदम भी नीचे उतरने को तैयार नहीं था। लिहाजा पुलिस ने फायर एंड इमरजेंसी सर्विस और स्टेट डिजास्टर रिस्पांड फाेर्स के जवानों की मदद से टावर पर चढ़े व्यक्ति को सुरक्षित करीब साठ फीट ऊंचे टावर से नीचे उतार लिया।
टावर से उतरने पर पुलिस ने सबसे पहले व्यक्ति से नाम पूछा। उसने अपना नाम तरसेम लाल पुत्र रोशन लाल बताया और कहा कि वह रंगूर कैंप, रामगढ़, सांबा का रहने वाला है। हर कोई बड़ी जिज्ञासा से यह जानना चाहता था कि जिस टावर से उतरने में तरसेम को इतना डर लग रहा था, वह आखिरकार उस पर चढ़ कैसे गया। जब वजह सामने आई तो सभी की हंसी छूट गई। दरअसल गत मंगलवार रात को तरसेम लाल त्रिकुटा नगर में अारबीआई कालोनी के नजदीक बने सरकारी पार्क के बेंच पर सोया हुआ था। उसने खराब भी पी हुई थी। सोते हुए मच्छरों ने उसे तंग करना शुरू कर दिया। लिहाजा उसने मच्छरों से खुद को बचाने के लिए नायाब तरीका अपनाया और पार्क के अंदर लगे मोबाइल फोन टावर पर चढ़ गया। रात भर टावर पर चढ़े रहने के बाद जब सुबह उसका नशा उतरा तो वह नीचे उतारने के लिए मदद के लिए चिल्लाने लगा।
पुलिस को यह वजह जानकारी काफी गुस्सा आया और उन्होंने व्यक्ति के विरुद्ध त्रिकुटा नगर पुलिस थाने में मामले को दर्ज कर लिया। पुलिस ने उसकी मेडिकल जांच भी करवाई। तरसेम नरवाल सब्जी मंडी में श्रमिक का काम करने करता है और शाम को शराब पीने के बाद इधर उधर रात गुजार लेता है। उसने बताया कि सुबह जब उसने अपने आप को टावर पर चढ़ा देखा तो उसे नीचे देखते ही चक्कर आने लगे और राहगीरों से मदद मांगने लगा।
पुलिस ने दमकल विभाग की टीम के सहयोग से इलेक्ट्रानिक लिफ्ट की मदद से तरसेम लाल को नीचे उतारा। दमकल विभाग के डिवीजनल फायर आफिसर विजय कुमार ने बताया कि बचाव अभियान काफी कठिन था, लेकिन सूझबूझ के साथ इसे अंजाम दिया गया। वहीं, एसएचओ त्रिकुटा नगर बिश्नेश कुमार ने बताया कि तरसेम की मेडिकल जांच करवा कर ली गई है। शराब के नशे में वह टावर पर चढ़ा था। उसके परिजनों को भी बुलाया गया है।