Coronavirus : एक दिन में चार की मौत, 415 संक्रमित, मृतकों में एक जम्मू के मीरां साहिब और तीन कश्मीर के निवासी
जम्मू कश्मीर में शनिवार को कोरोना संक्रमण से चार मरीजों की मौत और 415 नए पॉजिटिव मामले सामने आ गए। प्रदेश में एक दिन में मौतों और संक्रमण का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। जम्मू कश्मीर में शनिवार को कोरोना संक्रमण से चार मरीजों की मौत और 415 नए पॉजिटिव मामले सामने आ गए। प्रदेश में एक दिन में मौतों और संक्रमण का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। जम्मू कश्मीर में कोरोना संक्रमण से अब तक 40 मरीजों की मौत और 3775 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 2610 सक्रिय मरीज हैं।
शनिवार शाम तक संक्रमण के 107 मामले आए सामने थे, लेकिन रात को कश्मीर में विभिन्न अस्पतालों से आई रिपोर्ट में 308 और लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें 12 डॉक्टर और 51 गर्भवती महिलाएं शामिल हैं। हालांकि देर रात तक कश्मीर में 308 मामले सामने आने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, शनिवार को पहली मौत जम्मू के मीरां साहिब क्षेत्र में रहने वाली 62 वर्षीय महिला की हुई। यह महिला 24 मई को हृदय व सांस संबंधी समस्या के कारण मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुई थी। इलाज के दौरान ही उसमें संक्रमण की पुष्टि हुई। शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। कुछ घंटे बाद दूसरी मौत दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के रहने वाली 72 साल के एक मरीज की हुई। उसे कई बीमारियां थी और श्री महाराजा हरि ङ्क्षसह अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उसमें संक्रमण की पुष्टि होने के बाद शुक्रवार को सीडी अस्पताल श्रीनगर में भर्ती किया गया। तीसरी मौत उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा के रहने वाले 79 वर्षीय मरीज की हुई। उसे भी निमोनिया सहित कई बीमारियां थी। सीडी अस्पताल में मरीज की मौत के कुछ घंटे बाद उसमें संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं चौथी मौत श्रीनगर के बरजुला क्षेत्र के एक बुजुर्ग की हुई। उसे जवाहर लाल नेहरू अस्पताल रैनावाड़ी में भर्ती करवाया गया था। हालांकि उसके परिजनों का आरोप है कि उसे आक्सीजन देने के लिए कोई भी डाक्टर मौजूद नहीं था जिस कारण उसकी मौत हुई।
जम्मू संभाग में 25, कश्मीर में 390 संक्रमित :
जम्मू-कश्मीर में शनिवार को संक्रमण के आए 415 मामलों में 25 जम्मू संभाग और 309 कश्मीर संभाग से हैं। जम्मू संभाग में एक जम्मू जिले, नौ कठुआ, छह ऊधमपुर, दो रामबन, तीन पुंछ, एक सांबा, दो राजौरी, एक डोडा और एक रियासी से है। जम्मू जिले में नौ मामले शुक्रवार रात को ही आ गए थे। इन मामलों में एक डेंटल डॉक्टर भी था। शनिवार को आए मामलों में एक अरनिया की महिला शामिल है। यह सभी लोग पहले से ही क्वारंटाइन थे और इन्हें जम्मू, कठुआ, राजौरी सहित विभिन्न जिलों के अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। इस बीच, अच्छी खबर यह आई कि 40 और मरीजों को ठीक होने के बाद विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी हो गई। अब तक 1126 मरीजों को स्वस्थ्य होने के बाद छुट्टी हो चुकी है।