Jammu Kashmir : राजहंसों ने घराना क्षेत्र में दी दस्तक
आरएस पुरा सीमांत क्षेत्र घराना में प्रवासी पक्षी राजहंस (बार हेडड गीज) जिसे सपपट्टी सवन भी कहा जाता हैने अपनी दस्तक दे दी है। 50 से 100 पक्षियों का झुंड घराना वेटलैंड के उपर से होकर गुजरते हुए कई बार देखा गया है।
जम्मू, जागरण संवाददाता । आरएस पुरा सीमांत क्षेत्र घराना में प्रवासी पक्षी राजहंस (बार हेडड गीज) जिसे सपपट्टी सवन भी कहा जाता है,ने अपनी दस्तक दे दी है। 50 से 100 पक्षियों का झुंड घराना वेटलैंड के उपर से होकर गुजरते हुए कई बार देखा गया है। कई बार तो इन पक्षियासें ने तालाब के आसपास भी चक्कर लगाए मगर पान में उतर नही पाए।
पिछले तीन चार दिन से यह पक्षी सुबह या शाम के समय घराना वेटलैंड के उपर से होकर गुजर रहे हैं जिसने इन पक्षियों के आसपास के इलाकों में पहुंचने का संकेत दे दिया है। लोगों का कहना है कि अभी बासमती धान की फसल की कटाई चल रही है। ऐसे में किसानों की खेतों में हलचल है। संभवतया इससे प्रवासी पक्षी अभी तालाब में उतर नही पा रहे। लेकिन ऐसी उम्मीद है कि किसी भी पल यह पक्षी तालाब में उतर सकते हैं।
बहरहाल राजहंस की उपस्थित ने पक्षी प्रेमियों को उत्साहित कर दिया है। इसलिए घराना वेटलैंड के उपर से गुजरने वाले राजहंस के रूट पर लगातार नजर रखी जा रही है। यह देखा जा रहा है कि आसपास के क्षेत्र में यह पक्षी कहां पर बैठ रहे हैं। सिरपट्टी सवन के बारे में कहा जाता है कि यह पक्षी दुनियां में सबसे अधिक ऊंचाई पर उड़ने वाले पक्षियों में एक माना जाता है। सर्दियों में यह पक्षी साइबेरिया क्षेत्र की ओर से भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका की ओर आते हैं। कई बार तो यह माउंड एवरेस्ट की चोटी के ठीक बगल से होकर गुजर जाते हैं जहां तेज हवा के कारण हैलिकाप्टर तक उड़ नही सकता और न ही मिट्टी का तेल जल सकता है। फिर भी यह पक्षी इतनी ऊंचाई से होकर अपने अगले क्षेत्र में पहुंच जाते हैं। घराना में हर साल पांच से छह हजार राजहंस आते हैं जोकि मार्च अप्रैल तक यहीं बने रहते हैं।