रामगढ़ व अरनिया में पाक ने गोलियां दागीं, दहशत
राज्य ब्यूरो, जम्मू : रामगढ़ क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल के हेड कांस्टेबल नरेन्द्र कुमार को बर्ब
राज्य ब्यूरो, जम्मू : रामगढ़ क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल के हेड कांस्टेबल नरेन्द्र कुमार को बर्बरतापूर्ण तरीके से शहीद करने के बाद पाकिस्तान की ओर से सीमा पर लगातार शरारतें की जा रही हैं। मंगलवार को पाकिस्तान की ओर से सांबा के रामगढ़ व बिश्नाह के अरनिया में छिटपुट गोलियां दागे जाने से दहशत का माहौल है।
आरएसपुरा के सुचेतगढ़ में सीमा पार संदिग्ध हरकत देखने के बाद सीमा प्रहरियों ने कार्रवाई की। वहीं, अरनिया में गोलीबारी के अभ्यास से क्षेत्र में संघर्ष विराम होने की अफवाह फैल गई।
सूत्रों के अनुसार मंगलवर को बिश्नाह के अरनिया में पाकिस्तान की जमील पोस्ट से तीन गोलियां दागी गई। साढ़े चार बजे हुई इस गोलीबारी का उचित जवाब दिया गया। उसी समय रामगढ़ की नारायणपुर पोस्ट पर भी सीमा पार से तीन-चार गोलियां दागी गई। सीमा सुरक्षा बल ने इसका जवाब दिया। इससे पहले सोमवार देर रात को आरएसपुरा के सुचेतगढ़ में सीमा पर संदिग्ध हरकत देखे जाने के बाद सीमा प्रहरियों ने रोशनी वाले बम चलाने के साथ कुछ गोलियां भी दागी। सीमा पार से छिटपुट गोलीबारी से सीमांत लोगों में दहशत हैं, उन्हें लग रहा है कि निकाय चुनाव में खलल डालने के लिए पाकिस्तान कभी भी हालात बिगाड़ सकता है।
सीमा पर दहशत के चलते मंगलवार को जम्मू के कानाचक्क सेक्टर में गोलियां चलने की आवाजें आने के बाद यह अफवाह फैल गई कि पाकिस्तान ने गोलीबारी शुरू कर दी। कुछ समय के बाद यह स्पष्ट हुआ कि यह पाकिस्तान की गोलीबारी की नहीं, सीमा सुरक्षा बल के गोलीबारी के अभ्यास की आवाजें हैं। सीमा पर अपने अपने इलाकों में सीमा सुरक्षा बल व पाकिस्तान रेंजर्स अकसर प्रैक्टिस फायर करते हैं। लोग इन्हें सीमा पर गोलीबारी मान कर घबरा जाते हैं।