गुजरात की महिला पर्यटक की हृदयाघात से मौत, नहर से अज्ञात महिला का शव बरामद
श्रीनगर आई गुजरात की एक पर्यटक की हृदयघात से मौत हो गई। दूसरी तरफ मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में रविवार को एक नहर से अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ है। उसकी पहचान कराने की कोशिश पुलिस कर रही है।
जम्मू, जेएनएन : श्रीनगर में आए गुजरात के एक पर्यटक की हृदयघात से मौत हो गई। उसकी पहचान वहीदा पत्नी खालिद हुसैन निवासी जवाहर बाजार गुजरात के रूप में हुई है। दूसरी तरफ मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में रविवार को एक नहर से अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ है। उसकी पहचान कराने की कोशिश पुलिस कर रही है। फिलहाल उसके शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। उसकी तस्वीर को सभी थानों में भेज दिया है, ताकी जल्द से जल्द उसकी शिनाख्त हो सके।
मिली जानकारी के अनुसार गुजरात की पर्यटक वाहिदा श्रीनगर के खनयार के नोवपोरा क्षेत्र में स्थित एक गेस्ट हाउस में ठहरी हुई थी। उसका परिवार भी साथ में ही था। रविवार की सुबह अचानक उसे हृदयघात हुआ, जिससे वह गेस्ट हाउस में ही अचेत हो गई। परिववार वालों ने उसे तुरंत नजदीक अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दियया। इसके बाद सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मृतका का शव परिवार वालों के हवाले कर दिया गया।
वहीं मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में रविवार को एक नहर से अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ है। गांदरबल जिले के कंगन क्षेत्र में कुछ स्थानीय लोगों ने महिला का शव नहर में पड़ा देखा। उन्होंने इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने शव को कब्जे में लेकर उसके शवगृह में रख दिया ताकि इसकी पहचान करवाई जा सके। पुलिस का कहना है कि शव की पहचान रविवार देर शाम तक नहीं हो पाई थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया है। पता लगाया जा रहा है कि कहीं किसी ने महिला की हत्या तो नहीं की है। बहरहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही उसकी मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा।