अपराधी ने युवक पर किया जानलेवा हमला
जमीनी विवाद में युवक पर जानलेवा हमला
संवाद सहयोगी, बिश्नाह : अरनिया थाना क्षेत्र के सीमावर्ती गांव चंगिया में एक कुख्यात बदमाश ने जमीनी विवाद में गांव के एक युवक पर जानलेवा हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। युवक पर हमला करने के बाद उसे अचेत अवस्था में तड़पता छोड़ कर वह मौके से भाग निकला। हमलावर लक्की चौधरी पहले भी कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है, लेकिन ऊंची पहुंच रखने के कारण वह अक्सर पुलिस से बचता रहा है।
जानकारी के मुताबिक, वीरवार की सुबह चंगिया गांव का रहने वाला विजय कुमार नामक युवक दूध लेने जा रहा था। इसी बीच लकी चौधरी अपने कुछ अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा और उसका रास्ता रोक कर उस पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में विजय गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। यह देख आसपास के लोग दौड़ कर घटनास्थल पर पहुंचे और विजय कुमार को अरनिया प्राइमरी अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने उसे जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया। इस बारे में अरनिया के थाना प्रभारी हरजीत सिंह ने बताया कि दोनों में कोई पुराना जमीनी विवाद चल रहा है। इसी विवाद में कुख्यात बदमाश लक्की चौधरी ने विजय कुमार पर हमला किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लक्की चौधरी की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी जल्द ही लॉकअप में होगा।