Jammu Farmers Protest: मोहिंदर सिंह से फोन पर बात होने के बाद परिजनों ने टाला प्रदर्शन
पूर्व मोहिंदर सिंह खालसा की गिरफ्तारी के विरोध में उसके परिजनों ने बीते मंगलवार को कई घंटों तक जम्मू पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग को डिग्याना कैंप में अवरुद्ध कर दिया था। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग में किसी भी वाहन को चलने की इजाजत नहीं दी थी।
जम्मू, जागरण संवाददाता: गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के लाल किले में हुई हिंसा के मामले में जम्मू से पकड़े गए मोहिंदर सिंह खालसा के परिजनों ने बुधवार को तय प्रदर्शन को फिलहाल टाल दिया है। जम्मू पुलिस ने फोन पर आरोपित मोहिंदर सिंह खालसा की उसकी पत्नी तीर्थ कौर और भाई सुरेंदर सिंह खालसा से बात करवाई।
मोहिंदर सिंह के साथी हरजीत सिंह ने बताया कि फोन पर मोहिंदर ने परिवार वालों को बताया है कि वह सुरक्षित है। दिल्ली पुलिस ने उसके साथ मारपीट नहीं की है। दिल्ली पहुंचने पर पुलिस ने उसकी मेडिकल जांच भी करवाई है। मोहिंदर सिंह खालसा से बात होने पर परिजनों से संतोष व्यक्त किया है।
अब वह दिल्ली में जा कर आगे की कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। वहीं, बीते मंगलवार को मोहिंदर सिंह के परिजनों ने अतिरिक्त जिला आयुक्त जम्मू घनशाम शर्मा के इस आश्वासन पर ही प्रदर्शन समाप्त किया था कि मोहिंदर सिंह की उनके परिजनों से फोन पर संपर्क करवाया जाएगा। इससे पूर्व मोहिंदर सिंह खालसा की गिरफ्तारी के विरोध में उसके परिजनों ने बीते मंगलवार को कई घंटों तक जम्मू पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग को डिग्याना कैंप में अवरुद्ध कर दिया था।
प्रदर्शन के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग में किसी भी वाहन को चलने की इजाजत नहीं दी थी। प्रदर्शन में शामिल मोहिंदर सिंह के परिजनों के अलावा सिख संगठनों के नेताओं ने जम्मू पुलिस पर धोखे से मोहिंदर सिंह और मनदीप सिंह को घर से बुला कर दिल्ली पुलिस को सौंप देने का आरोप लगाया था। परिजनों ने बुधवार को भी प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी थी।