Jammu: संजय नगर में परिवार पर हमला, मां की मौत, बेटा और पिता गंभीर
राजेंद्र सिंह व उनके बेटे अमनदीप सिंह को भर्ती कर लिया गया। डाक्टरों का कहना है कि अमनदीप की हालत भी काफी नाजुक है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों का पता लगाया जा रहा है। हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
जागरण संवाददाता, जम्मू : गांधी नगर के संजय नगर इलाके में वीरवार देर रात एक परिवार के सदस्यों पर किए गए हमले में एक महिला की मौत हो गई, उसका बेटा व पति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस की मदद से स्थानीय लोगों ने जीएमसी अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि संजय नगर एक्सटेंशन निवासी राजेंद्र सिंह के घर में हमला हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां 62 वर्षीय राजेंद्र सिंह पुत्र गुरचरण सिंह, उनकी पत्नी 60 वर्षीय शकुंतला कौर व 35 वर्षीय बेटा अमनदीप सिंह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे। तीनों पर तेजधार हथियारों से वार किए गए थे। उन्हें तुरंत जीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने शकुंतला कौर को मृत घोषित कर दिया।
राजेंद्र सिंह व उनके बेटे अमनदीप सिंह को भर्ती कर लिया गया। डाक्टरों का कहना है कि अमनदीप की हालत भी काफी नाजुक है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों का पता लगाया जा रहा है। हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। अमनदीप और उनके पिता राजेंद्र सिंह की हालत बयान देने लायक नहीं है। पुलिस जांच कर रही है।
वहीं, स्थानीय लोगों में इस वारदात के बाद भारी रोष है। उनका कहना है कि जिस तरह से परिवार पर हमला हुआ है पुलिस को उसकी जांच कर आरोपितों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना चाहिए। कुछ लोगों का कहना था कि यदि जल्द सभी आरोपितों को नहीं गिरफ्तार किया गया तो पूरे इलाके के लोग सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी पुलिस-प्रशासन की होगी।