विपदा में मदद कर जरूरतमंदों के पोंछे आंसू
जागरण संवाददाता जम्मू ऑल इंडिया जाट महासभा के जम्मू कश्मीर के प्रधान एवं पूर्व मेयर चौधरी
जागरण संवाददाता, जम्मू : ऑल इंडिया जाट महासभा के जम्मू कश्मीर के प्रधान एवं पूर्व मेयर चौधरी मनमोहन सिंह ने तहसील नौशहरा के सीमांत गांवों का दौरा किया। क्षेत्र में कई लोग अत्यंत जरूरतमंद थे। चौधरी ने उनकी मदद की।
उन्होंने अपनी टीम के साथ गांव कलसियां, भवानी, गनिया, लंगर, चौकी, चौकी हंदन, नोनियाल, नौशहरा में जाकर जाट बिरादरी के लोगों को पेश आ रही समस्याओं को देखा और जाना। इतना ही नहीं जरूरतमंद लोगों की वित्तीय सहायता भी की।
चौधरी मनमोहन सिंह के मार्गदर्शन में जाट वेलफेयर फंड बनाया गया था जिसमें बिरादरी के स्वयंसेवक गरीब व जरूरतमंद लोगों के लिए सहायता देते हैं। बिरादरी के सात सदस्य इस फंड का प्रबंधन करते हैं। अपने दौरे के दौरान चौधरी ने इस फंड से महेंद्र लाल पुत्र जगन नाथ निवासी कलसियां को दो लाख रुपये दिए। इस साल जुलाई में महेंद्र बिजली के तार से घायल हो गए थे तथा उनकी पत्नी की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। चौधरी मनमोहन सिंह उनके घर पहुंचे और मौके पर ही अपनी जेब से बीस हजार रुपये की मदद की और मदद को भरोसा दिलाया था। इलाज के दौरान उन्हें एक लाख रुपये की मदद की गई।
इसके अलावा चौधरी ने कलसियां में ही कश्मीरी पुत्र ओम प्रकाश के घर जाकर उन्हें दस हजार रुपये की मदद की। कश्मीरी दिव्यांग हैं। गरीबी के कारण उन्हें दो बच्चों की पढ़ाई भी छुड़वानी पड़ी। चौधरी ने स्थानीय नेताओं से कहा कि वे इन बच्चों की पढ़ाई को गंभीरता से लें। यूथ प्रधान अजय चौधरी ने इन बच्चों की शिक्षा की मौके पर ही जिम्मेवारी ले ली। इसके बाद उन्होंने लंगर गांव में वृद्ध व अनुभवी बिरादरी सदस्य सूबेदार ज्ञान चंद और नौशहरा में कैप्टन मोती राम चौधरी, बचन पंछी के घर का दौरा किया। इन बुजुर्गो ने भी चौधरी के प्रयासों की सराहना की। इस मौके पर उनके साथ सभा के नौशहरा के चेयरमैन कैप्टन रोशन लाल गंगल, लंगर के सरपंच सुखदेव सिंह, कलाल के सरपंच रमेश, यूथ जाट सभा के प्रधान अजय चौधरी, पूर्व सरपंच बिदू चौधरी, सरपंच कलसियां के अशोक कुमार, बलवीर शाह, रतन चौधरी, परस राम चौधरी, रोशन चौधरी, चौधरी सुरेंद्र भी थे।