पाकिस्तान का पुतला फूंका और नारेबाजी की
घाटी में भाजपा नेता वसीम बारी उनके भाई व पिता की आतंकी द्वारा की गई हत्या के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को बिश्नाह के तारा चौक पर पाकिस्तान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, बिश्नाह : घाटी में भाजपा नेता वसीम बारी उनके भाई व पिता की आतंकी द्वारा की गई हत्या के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को बिश्नाह के तारा चौक पर पाकिस्तान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा के स्टेट कार्यकारिणी सदस्य पंडित नारायण दत्त शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित प्रदर्शन में नगरपालिका अध्यक्ष राजन शर्मा, एससी मोर्चा के राज्य महासचिव धर्मेंद्र कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पाकिस्तानी झंडा भी जलाया। इस उपलक्ष्य पर नारायण दत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा के इस नेता ने पार्टी की गतिविधियों को बड़ी तेजी से आगे बढ़ाते हुए अपना नाम कमाया था। इसलिए वसीम आतंकियों के आंखों के कांटे बन गए। प्रशासन और सरकार से मांग करते हैं कि उनके हत्यारों को जल्दी से जल्दी पकड़ कर चौराहे पर फांसी पर लटकाया जाए। इस मौके पर गगन भाटिया, नागरमल, धर्मेंद्र कुमार, नगरपालिका अध्यक्ष राजन शर्मा सहित कई लोग मौजूद थे।