सूफियान बने सर्वश्रेष्ठ तलवारबाज, अनुभव को दूसरा स्थान
जागरण संवाददाता जम्मू 17वीं जिला जम्मू फेंसिग (तलवारबाजी) प्रतियोगिता शनिवार को सम्मान समारोह
जागरण संवाददाता, जम्मू : 17वीं जिला जम्मू फेंसिग (तलवारबाजी) प्रतियोगिता शनिवार को सम्मान समारोह के साथ संपन्न हुई। इंडोर फेंसिग हाल में संपन्न हुई इस प्रतियोगिता में अंडर 12, अंडर-14, अंडर-17, अंडर 19 और सीनियर वर्ग में 200 के करीब खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में कई नए खिलाड़ी उभर कर सामने आए तो कई पुराने खिलाड़ियों को हार का सामना करना पड़ा। सूफियान वहीद को दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतने पर प्लेयर आफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया। वहीं, अंडर-17 सेबर में स्वर्ण पदक जीतने वाले अनुभव शर्मा को उभरते हुए सर्वश्रेष्ठ फेंसर का सम्मान मिला।
प्रतियोगिता का आयोजन जम्मू-कश्मीर एमेच्योर फेंसिग एसोसिएशन की एडहाक कमेटी ने जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल के सहयोग से किया था। इस अवसर पर राकेश दुबे, जेकेएएस सहायक आयुक्त जनरल जम्मू मुख्य अतिथि थे। उन्होंने विजेताओं को पदक देकर सम्मानित किया। जम्मू कश्मीर खेल परिषद के संभागीय खेल अधिकारी अशोक सिंह, संयोजक जम्मू-कश्मीर एमेच्योर फेंसिग एसोसिएशन राशिद अहमद चौधरी, छोटू लाल शर्मा, रचना जम्वाल, मनिदर पाल सिंह भी उपस्थित थे। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का हौसला और ऊर्जा प्रभावित करने वाला था। स्वागत भाषण लेफ्टिनेंट कर्नल विक्रम सिंह जम्वाल, पूर्व अंतरराष्ट्रीय फेंसर द्वारा प्रस्तुत किया गया। धन्यवाद प्रस्ताव एडवोकेट सुप्रिया चौहान ने पारित किया। एनआइएस क्वालीफाइड कोच प्रीतम सिंह सलाथिया प्रतियोगिता के निदेशक थे। मुकाबलों का संचालन अजय खार्तोल, एंथनी मट्टू, सोनिया अरोड़ा, शिवानी हंस, शिफाली गुप्ता, मोक्षी शर्मा, रंचन सबरवाल, टोनी मट्टू, अब्दुल कादिर, जावेद अहमद चौधरी, ऋचा सबरवाल और उज्ज्वल गुप्ता ने किया। अमित चिब, पूर्वक सूरी, श्रेया ने जीता स्वर्ण पदक
प्रतियोगिता में अमित चिब ने लक्ष्य शर्मा को फाइनल में हराकर सीनियर लड़कों के सेबर वर्ग में चैंपियन बने। फायल में प्रणय सिंह, जबकि ईपी में तेजा सिंह चैंपियन बने। सेबर वर्ग में लक्ष्य को रजत, जबकि वंश महाजन ने कांस्य पदक जीता।
सीनियर लड़कों के फायल वर्ग में प्रणय सिंह ने स्वर्ण, अरुण कुमार ने रजत, सक्षम गुप्ता, अनीश कुमार को रजत पदक प्राप्त हुआ। सीनियर लड़कों के ईपी मुकाबले में तेजा सिंह ने स्वर्ण, विशाल ने रजत, सूफियान वाहिद सोहेल, जसदेव सिंह ने कांस्य पदक जीता। सीनियर लड़कियों के सेबर मुकाबलों में श्रेया गुप्ता ने स्वर्ण पदक जीता। रशिका हांडा ने रजत, अनंत समाक्षी ने कांस्य पदक जीता। लड़कियों के सीनियर फाइल मुकाबलों में इशिका साहनी ने स्वर्ण, सोफिया मेहरा ने रजत पदक जीता। लड़कों के अंडर-20 सेबर मुकाबले में अमित चिब ने स्वर्ण, लक्ष्य शर्मा ने रजत, जबकि हर्ष आनंद, सूर्यांश शर्मा ने कांस्य पदक जीता। फायल मुकाबलों में पूर्वक सूरी ने स्वर्ण, गुलशन मेहरा ने रजत, जबकि सूर्य प्रताप ने कांस्य पदक जीता। ईपी एकल मुकाबलों में सूफियान वाहिद ने स्वर्ण, शिवांश ने रजत जबकि मुबसिर खान ने रजत पदक जीता। लड़कियों के 20 वर्ष से कम आयुवर्ग सेबर मुकाबलों में श्रेया गुप्ता ने स्वर्ण, कृतार्थी कोतवाल ने रजत, सुभनया शर्मा ने कांस्य पदक जीता।