Jammu : जम्मू शहर में ट्रैफिक जागरूकता का दिखने लगा है असर
जम्मू शहर में इस इस साल ट्रैफिक अनुशासन में सुधार देखा गया है। बाइक चालक हेलमेट का इस्तेमाल करने लगे हैं और चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट लगाने लगे हैं। हालांकि अभी इसमें और सुधार की गुंजाइश है।
जम्मू, जागरण संवाददाता : जम्मू शहर में इस इस साल ट्रैफिक अनुशासन में सुधार हुआ है। बाइक चालक हेलमेट का इस्तेमाल करने लगे हैं और चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट लगाने लगे हैं। हालांकि अभी इसमें और सुधार की गुंजाइश है। लेकिन ट्रैफिक पुलिस की सख्ती का असर अब साफ दिख रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ इस साल जनवरी से दिसंबर तक जम्मू ट्रैफिक पुलिस ने जिल में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 54 हजार 619 चालकों के चालान काटे। इन चालकों से ट्रैफिक पुलिस ने जुर्माने के तौर पर करीब पौने चार करोड़ रुपये जुर्माना वसूला गया। सबसे अधिक चालान बिना सीट बेल्ट के चार पहिया वाहन चालकों के काटे गए।
ट्रैफिक पुलिस ने बिना सीट बेल्ट के 32 हजार 181 वाहन चालकों के चालान काटे गए। उनसे 1,86,43,250 रुपए जुर्माना वसूला गया। पिछले वर्ष तीन करोड़ रुपये जुर्माना नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों से वसूला था। इस वर्ष अधिक राजस्व वसूलने का मुख्य कारण मोटर व्हीकल डिपार्टमेंट में जुर्माने की राशि को काफी हद तक बढ़ाया जाना बताया जा रहा है। बिना हेलमेट के जहा दो पहिया वाहन चालक से ट्रैफिक कर्मी 100 रुपये जुर्माना वसूला करते थे। अब नए यातायात कानून लागू होने से यह जुर्माना बढ़कर एक हजार रुपये कर दिया गया है।
एसएसपी ट्रैफिक शिवकुमार शर्मा ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा। सख्ती भी की जा रही है। इसका असर दिख रहा है। इस वर्ष सड़क हादसे भी कम हुए हैं। हालांकि कोरोना काम में वाहन चले भी कम। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करवाने में पुलिस के साथ अभिभावकों की भी अहम भूमिका है। यातायात नियमों के पालन से ही सड़क हादसों को रोका जा सकता है।