Jammu: वार्ड 66 की खस्ताहाल गलियों में कचरे के ढेर देख भड़कीं डिप्टी मेयर
उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे नगर निगम अधिकारियों कर्मचारियों को क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाने में सहयोग करें।
जागरण संवाददाता, जम्मू : डिप्टी मेयर पूर्णिमा शर्मा ने बुधवार को शहर के वार्ड 66 का औचक दौरा किया। लोगों से मिल रही शिकायतों के बाद मौके पर पहुंची डिप्टी मेयर ने वहां देखा कि जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे पड़े हैं। गलियों की हालत खस्ता है। सड़कों पर गड्ढे पड़े हुए हैं। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करने में देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डिप्टी मेयर ने वहां स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान करवाने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के बीच लोगों को साफ-सफाई और सुविधाएं उपलब्ध करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जानी चाहिए। ऐसे हालात में हमारी जिम्मेदारियां और बढ़ जाती हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे नगर निगम अधिकारियों, कर्मचारियों को क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाने में सहयोग करें। लोगों को चाहिए कि वे इस माहौल में बिना बड़ी जरूरत के घरों से बाहर न निकलें। सरकारी आदेशों और नियमों का पालन करें। नगर निगम की तरफ से सुविधाएं मुहैया करवाने में कसर नहीं छोड़ी जाएगी।