Jammu: प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल की तस्करी करता दिल्ली का युवक गिरफ्तार, 216 नशीले कैप्सूल बरामद
Drug smuggling in Jammu पैकेट को जब पुलिस कर्मियों ने खोला तो उसके अंदर प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल पड़े हुए थे। उक्त व्यक्ति को पुलिस कर्मियों ने हिरासत में ले लिया। उसे आगे की पूछताछ के लिए सीधे थाने में ले जाया गया।
जम्मू, जागरण संवाददाता: नरवाल पुलिस ने दिल्ली के एक युवक को प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपित युवक निशांत कुमार निवासी मकान नंबर 648-ई ईस्ट विनोद नगर, दिल्ली बाहरी राज्य से चोरी छुपे नशीले कैप्सूलों को तस्करी के लिए जम्मू लेकर आया था। उससे कुल 216 नशीले कैप्सूल बरामद हुए।
आरोपित के विरुद्ध त्रिकुटा नगर पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। एसएचओ त्रिकुटा दीपक पठानिया के अनुसार आरोपित निशांत से पूछताछ की जा रही है कि इससे पूर्व वह नशीली दवाईयों की खेप लेकर जम्मू तो नहीं आया है। जम्मू में उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
नरवाल चौक में पुलिस कर्मियों ने नाका लगाया हुआ था। इस दौरान पुलिस कर्मियों की नजर एक व्यक्ति पर पड़ी। उक्त व्यक्ति पुलिस कर्मियों को देख कर वहां से भाग रहा था। व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध होने के चलते पुलिस कर्मियों ने उसका पीछा किया और कुछ दूर तक भागने के बाद उसे पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति की जब तलाशी ली तो उसके पास कंधे बांधे एक बैग में से पैकेट बरामद हुआ।
पैकेट को जब पुलिस कर्मियों ने खोला तो उसके अंदर प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल पड़े हुए थे। उक्त व्यक्ति को पुलिस कर्मियों ने हिरासत में ले लिया। उसे आगे की पूछताछ के लिए सीधे थाने में ले जाया गया। वहीं, जम्मू पुलिस ने आरोपित के आपराधिक रिकार्ड के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए दिल्ली पुलिस ने संपर्क किया है।