Jammu: गुरुद्वारे के सेवादार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में झूलता हुआ मिला, जांच में जुटी पुलिस
आज जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं आया तो वे उसका हाल जानने के लिए उसके कमरे में पहुंचे। सुबह 8.00 बजे के करीब जब उन्होंने उसके कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर पंखे के हुक पर फंदा लगाकर सेवादार का शव झूल रहा था।
जम्मू, जागरण संवाददाता: त्रिकुटा नगर के सेक्टर नंबर 3 में स्थित गुरुद्वारे में सेवादार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके कमरे में झूलता हुआ मिला। सेवादार भूपिंदर सिंह निवासी नौशहरा राजौरी बीते 2 वर्षों से गुरुद्वारे में ही सेवा करता था।उसे गुरुद्वारा के परिसर में ही एक कमरा रहने के लिए दिया हुआ था।
त्रिकुआ नगर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि आज सुबह उन्हें गुरुद्वारे के सेवादार की मौत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही उनकी टीम मौके पर पहुंच गई। सेवादार भूपिंदर सिंह अपने कमरे में झूल रहा था। गुरूद्वारे के अन्य सेवादारों ने बताया कि भूपिंदर सिंह तड़के उठ साफ-सफाई में जुट जाता था। आज जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं आया तो वे उसका हाल जानने के लिए उसके कमरे में पहुंचे। सुबह 8.00 बजे के करीब जब उन्होंने उसके कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर पंखे के हुक पर फंदा लगाकर सेवादार का शव झूल रहा था।
यह देखकर वह घबरा गए और उन्होंने तुरंत इस बारे में त्रिकुटा नगर पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद पुलिस कर्मियों ने मौके पर फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री के अधिकारियों को बुलाया था ताकि घटनास्थल से सबूतों को एकत्रित किया जा सके। कानूनी कार्रवाई को पूरा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जम्मू के राजकीय मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भेज दिया गया।
त्रिकुटा नगर पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से कर रही है। उसके साथ काम करने वाले लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे। यही नहीं भूपिंदर सिंह के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।