Kashmir: सर्विस राइफल से दुर्घटनावश गोली चलने से CRPF जवान गंभीर रूप से घायल
डॉक्टर अभी उसकी हालत गंभीर बता रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच का आदेश दिया गया है।
श्रीनगर, जेएनएन। श्रीनगर के डलगेट इलाके में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का एक जवान आज सुबह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार उसकी सर्विस राइफल से दुर्घटनावश चली जो उसे ही लगी। गोली की आवाज सुनकर उसके साथी जब घटनास्थल पर पहुंचे तो जवान खून से लथपथ जमीन पर गिरा हुआ था। उन्होंने तुरंत उसे उठाया और सैन्य अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
श्रीनगर में CRPF के प्रवक्ता पंकज सिंह ने बताया कि घायल जवान की पहचान 28 वर्षीय प्रदीप मुंडा के रूप में हुई है। झारखंड का रहने वाला यह जवान CRPF की 61 बटालियन में तैनात है। उसकी अपनी सर्विस राइफल से गोली दुर्घटनावश कैसे लगी इस बारे में अभी तक पूरी जानकारी नहीं है। उसके साथियों का कहना है कि गोली की आवाज सुनकर कैंप में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया था। जिस जगह से गोली की आवाज आई जब जवान वहां पहुंचे तो प्रदीप जमीन पर गिरा हुआ था। खून से लथपथ जवान को तुरंत सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टर अभी उसकी हालत गंभीर बता रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच का आदेश दिया गया है। सीआरपीएफ के सूत्रों ने कहा कि घायल सीआरपीएफ जवान के कई सहयोगियों से भी इस संबंध में पूछताछ की गई है।